MP News: दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे CM मोहन यादव, बाढ़ प्रभावितों के लिए किया बड़ा ऐलान

Published : Aug 30, 2026, 09:41 AM IST
mohan yadav rewa satna flood rain review

सार

CM मोहन यादव ने बाढ़-बारिश के हालात को देखते हुए कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली से रीवा पहुंचकर समीक्षा की। चित्रकूट में राहत-बचाव और प्रभावितों की मदद के निर्देश दिए।

भोपाल/रीवा। मध्यप्रदेश में लगातार बारिश और बाढ़ से बने हालात के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 अगस्त की शाम के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। वे नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे और यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति पर आपात बैठक की। मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों तक राहत और जरूरी सुविधाएं तुरंत पहुंचाई जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सतना जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। इसके साथ ही वे चित्रकूट पहुंचकर अतिवृष्टि से हुए नुकसान का भी जायजा लेंगे।

चित्रकूट में मंदाकिनी उफान पर, रामघाट-हनुमान धारा मार्ग का पुल क्षतिग्रस्त

चित्रकूट में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। नदी में आई बाढ़ के चलते प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। बाढ़ के कारण रामघाट से हनुमान धारा जाने वाले मार्ग पर बना पुराना पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थिति को देखते हुए बचाव कार्य में सेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है। प्रभावित लोगों के लिए चित्रकूट में छह आश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर जलभराव वाले क्षेत्रों से निकाले गए लोगों के ठहरने के साथ भोजन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मंदाकिनी का जलस्तर 136 मीटर के करीब, SDRF टीमें तैनात

फिलहाल मंदाकिनी नदी का जलस्तर अधिकतम फ्लड लेवल 136 मीटर के करीब पहुंच रहा है। जबलपुर से आई एसडीईआरएफ टीम भी राहत और बचाव कार्य में जुटी है। बाढ़ और जलभराव से जुड़ी सूचना देने तथा सहायता प्राप्त करने के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी बनाया है। इसके लिए 07672-223211 टेलीफोन नंबर जारी किया गया है।

CM Mohan Yadav ने सतना-रीवा में बाढ़ के हालात की समीक्षा की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 अगस्त की रात रीवा पहुंचे। सर्किट हाउस से उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सतना और रीवा जिलों में बारिश के कारण बने जलभराव और बाढ़ के हालात की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सतना कलेक्टर को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ-साथ चित्रकूट में रुके श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों के लिए भोजन, कपड़े और शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वे कराने और पात्र लोगों को आरबीसी 6/4 के प्रावधानों के तहत राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

'बारिश से जनहानि और पशु हानि नहीं होनी चाहिए'- CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश और बाढ़ के कारण किसी तरह की जनहानि या पशु हानि न हो। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत कम है, वहां उपलब्ध बचाव उपकरणों को बाढ़ प्रभावित जिलों में भेजकर इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। सतना कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि छह गांवों में रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया है। सात लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कलेक्टर ने यह भी बताया कि यदि रात में बारिश नहीं होती है तो स्थिति में सुधार आने की संभावना है।

नयागांव डैम को नुकसान, नुकसान का आकलन जारी

समीक्षा बैठक में बताया गया कि नयागांव डैम को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की ओर से इससे हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराने को कहा।

सद्गुरु आश्रम में ठहरे श्रद्धालुओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वहां रुके श्रद्धालुओं के मोबाइल नंबर लेकर उनके परिजनों से संपर्क कराया जाए और उनकी परिजनों से बातचीत कराई जाए, ताकि परिवारों को उनकी सुरक्षा की जानकारी मिल सके।

जैतवारा में प्रभावित लोगों के लिए भोजन-पानी और कपड़ों की व्यवस्था

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि जैतवारा गांव में सबसे ज्यादा लोग रुके हुए हैं। उनके लिए भोजन, पेयजल और कपड़ों की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने रीवा-सतना और सतना-चित्रकूट मार्ग की स्थिति की भी जानकारी ली। रीवा कलेक्टर ने बताया कि जिले में फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं और जिन मामलों में पशुहानि हुई है, उनमें नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद जल्द पहुंचाने के निर्देश दिए।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP News: दिल्ली में अमित शाह से मिले CM मोहन यादव, सहकारिता से विकास तक हुई बात
MP News: रक्षाबंधन पर ग्रामीण बहनों के बीच पहुंचे CM मोहन यादव, भावुक हुआ माहौल