
भोपाल। मोहन यादव एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने यह संदेश दिया है कि प्रदेश के हर नागरिक का जीवन सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
इसी कड़ी में उज्जैन के असनोरिया क्षेत्र के रहने वाले 5 महीने के मासूम यथार्थ सिंह को बेहतर उपचार के लिए ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ के माध्यम से बेंगलुरु भेजा गया है। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत मदद उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार, 5 महीने का यथार्थ जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित है। उसका इलाज पहले इंदौर के एक अस्पताल में चल रहा था, लेकिन बेहतर और विशेष उपचार की जरूरत को देखते हुए उसे बेंगलुरु के नारायणा अस्पताल भेजा गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ी है और गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बालक यथार्थ का इलाज आयुष्मान निरामय योजना के तहत निःशुल्क कराया जाएगा। इससे परिवार को आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि यथार्थ जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटे और परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान आए।
प्रदेश सरकार की पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा को संवेदनशील और दूरदर्शी स्वास्थ्य नीति का मजबूत उदाहरण माना जा रहा है। इस सेवा के जरिए गंभीर और आपातकालीन मरीजों को कम समय में बड़े अस्पतालों तक पहुंचाकर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त दी जा रही है, ताकि आर्थिक स्थिति किसी भी मरीज के इलाज में बाधा न बने।
पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के तहत भोपाल से पूरे मध्यप्रदेश के लिए 24 घंटे और सातों दिन आपातकालीन चिकित्सा परिवहन की सुविधा उपलब्ध है। यह सेवा गंभीर मरीजों को कम समय में उच्च स्तरीय अस्पतालों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। इसके माध्यम से नवजात शिशुओं, वरिष्ठ नागरिकों, सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों, हार्ट अटैक पीड़ितों, न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से जूझ रहे मरीजों और अंग प्रत्यारोपण वाले मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा चुका है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।