राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उज्जैन में स्वच्छता का दिया संदेश

Published : Sep 19, 2024, 10:18 PM IST
Droupadi-Murmu-in-Ujjain-addressed-Safai-Mitra-Sammelan

सार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उज्जैन में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला और उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन मार्ग का भूमिपूजन किया। उन्होंने मध्य प्रदेश की स्वच्छता पहल की सराहना की और सफाई कर्मियों को सम्मानित किया।

उज्जैन 19 सितम्बर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण के लिये सभी आगे बढ़ें। स्वच्छता ही देश को स्वस्थ और विकसित बना सकती है। भारत के एक-एक व्यक्ति इस कार्य में सहयोग करे और सब मिलकर देश को विकसित राष्ट्र बनायें। मध्य प्रदेश ने शहरी और ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है। मध्य प्रदेश के अनेक शहरों को सफाई के लिये सुरक्षित शहर घोषित किया गया है। इन्दौर निरन्तर सातवी बार देश का स्वच्छतम शहर घोषित हुआ है। भोपाल स्वच्छतम राजधानी बना है। इन सब कार्यों के लिये मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु आज उज्जैन में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने सफाई मित्रों श्रीमती रश्मि टांकले, श्रीमती किरण खोड़े, श्रीमती शोभा घावरी, श्रीमती अनिता चावरे और श्री गोपाल खरे आदि का सम्मान भी किया। श्रीमती मुर्मु ने 1962 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन मार्ग का भूमिपूजन भी किया। प्रारम्भ में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और उन्हें श्री महाकाल महालोक की प्रतिकृति प्रदान की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री डॉ.प्रतिमा बागरी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कहा कि अवन्तिका बाबा महाकाल की पवित्र, दिव्य एवं पावन नगरी है। गुप्तकाल भारतीय इतिहास का स्वर्ण युग रहा है और उस समय उज्जैन भारत का महत्वपूर्ण नगर था। यहां संस्कृति और सभ्यता की प्राचीन परम्परा है। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कहा कि आज से 2000 वर्ष पूर्व उज्जैन परिवहन व्यवस्था का उत्कृष्ट केन्द्र था। यह अन्तरराष्ट्रीय व्यापार का केन्द्र भी था। महाकवि कालिदास ने मेघदूत में उज्जयिनी की विशालता और भव्यता का अदभुत चित्रण किया है। देवलोक में जो महत्व अल्कापुरी नगरी का है, वही महत्व पृथ्वी पर उज्जैन नगरी का बताया गया है। मैं बाबा महाकाल, अवन्तिका नगरी और पवित्र शिप्रा नदी को प्रणाम करती हूं।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कहा कि उज्जैन एवं प्रदेश में आधुनिक विकास के अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। उज्जैन में आज उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन मार्ग का भूमिपूजन किया गया है। यहां विक्रम उद्योगपुरी मेडिकल डिवाइसेस पार्क बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में एक्सप्रेस-वे एवं एलीवेटेड कॉरिडोर बनाये जा रहे हैं। इन सभी के लिये मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के प्रयास सराहनीय हैं।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत में स्वच्छता देशव्यापी जन-अभियान बन गया है। स्वच्छता अभियान के द्वितीय चरण में वर्ष 2025 तक हमें देश में सम्पूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल करना है। देश में खुले में शौच से पूर्णत: मुक्ति और सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य होगा। महात्मा गांधी के स्वच्छता के आदर्श को हमें पूरा करना है। मैंने स्वयं अपने कैरियर की शुरूआत स्वच्छता के कार्यों से की। मैं नगर परिषद में उपाध्यक्ष थी और वार्डों में जा-जाकर स्वच्छता के लिये कार्य करती थी और लोगों को जागरूक करती थी। देशवासियों में आज स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। मध्य प्रदेश के कई शहर ‘वॉटर+’, ‘ओडीएफ++’ के रूप में पुरस्कृत हुए हैं।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कहा कि सफाईकर्मी अग्रिम पंक्ति के स्वच्छता योद्धा हैं। इन्हें आज सम्मानित कर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। हम सफाईकर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण को सुरक्षित करेंगे। देश में मेन होल को समाप्त कर अब मशीन होल बनाये जा रहे हैं। सफाईकर्मियों को लाभान्वित करने के लिये अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। मध्य प्रदेश ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

MP News: ग्वालियर में वेलनेस सेंटर, डबरा में पशु अस्पताल, सीएम मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं
Assembly Election 2026 Results: पश्चिम बंगाल-असम में भाजपा की बड़ी बढ़त, CM मोहन यादव का TMC पर तीखा हमला