MP News: सीधी के कसिहवा गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 3 बच्चों की मौत, CM मोहन यादव ने लिया संज्ञान और घोषित की सहायता

Published : May 23, 2026, 08:20 PM ISTUpdated : May 23, 2026, 08:29 PM IST
sidhi short circuit fire mohan yadav announce relief

सार

सीधी जिले के कसिहवा गांव में बिजली पोल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 6-6 लाख रुपये सहायता राशि की घोषणा की।

भोपाल। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम कसिहवा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लिया और इसे बेहद दुखद एवं हृदय विदारक बताया।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

सीधी के गोपद बनास तहसील में बिजली पोल से लगी आग

जानकारी के अनुसार यह हादसा सीधी जिले की ग्राम पंचायत बघवारी के अंतर्गत आने वाले ग्राम कसिहवा, तहसील गोपद बनास में शनिवार सुबह करीब 11:20 बजे हुआ। बताया गया कि रामरतन साकेत के घर के पास लगे बिजली के पोल में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। इस दर्दनाक घटना में रामरतन साकेत की दो बेटियां कुमारी घुम्मु उर्फ संध्या साकेत (करीब 6 वर्ष), कुमारी रिद्धि (करीब डेढ़ वर्ष) और बेटा नागेंद्र (करीब 3 वर्ष) आग की चपेट में आ गए। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषित की आर्थिक सहायता

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासन को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृत बच्चों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 2-2 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा भी मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपये की राहत राशि देने का ऐलान किया गया है। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिजन को कुल 6 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

 

 

जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी ने दी तत्काल मदद

घटना के बाद जिला प्रशासन सीधी ने भी त्वरित राहत प्रदान की। प्रशासन की ओर से अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5-5 हजार रुपये के हिसाब से कुल 15 हजार रुपये दिए गए। इसके साथ ही जिला रेडक्रॉस सोसायटी सीधी द्वारा पीड़ित परिवार को 20-20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई गई, ताकि परिवार को शुरुआती राहत मिल सके।

बिजली हादसे के बाद गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन छोटे बच्चों की मौत के बाद पूरे कसिहवा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए प्रशासन से बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर स्थायी समाधान की मांग की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि परिवार को इस दुखद समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP News: छिंदवाड़ा SNCU आग हादसे में एक नवजात की मौत, CM मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान
समृद्ध मध्यप्रदेश@2047: भोपाल में 'One Institute-One Promise' कॉन्क्लेव, 130 संस्थान तैयार करेंगे विकास का नया रोडमैप