
MP Industry News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 8 जुलाई को धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लियुगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की 272 करोड़ रुपये की नई विनिर्माण इकाई का भूमि-पूजन किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा भोज की धरती पर एक और बड़ा उद्योग स्थापित होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि पीथमपुर प्रदेश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यहां लगातार नए निवेश आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) के जरिए मध्यप्रदेश को करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। केवल 1 जनवरी से 30 जून के बीच प्रदेश को 76,862 करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे करीब 82 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में कई बड़े उद्योगों की शुरुआत हुई है। सतगढ़ी में 150 करोड़ रुपये के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की अडाणी डिफेंस यूनिट, उज्जैन में 1,250 करोड़ रुपये की पेप्सिको विनिर्माण इकाई और नीमच में 1,554 करोड़ रुपये की 38 नई औद्योगिक इकाइयों का शुभारंभ या भूमि-पूजन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें जमीन पर भी उतारती है।
लियुगोंग इंडिया के ग्लोबल वाइस चेयरमैन ल्यू गोवेन ने कहा कि नया प्लांट स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएगा और रिसर्च व मशीन निर्माण का बड़ा केंद्र बनेगा। कंपनी के प्रतिनिधि वरुण विजयवर्गीय ने बताया कि वर्ष 2009 से उत्पादन कर रही कंपनी अब इस नए प्लांट के माध्यम से अपनी उत्पादन क्षमता 3,250 मशीनों से बढ़ाकर 7,500 मशीन प्रतिवर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को और मजबूत बनाएगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।