
MP Police Recruitment 2025: मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है! राज्य सरकार ने लंबे इंतजार के बाद 8000 पुलिस पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इसमें 7500 कांस्टेबल और 500 सब इंस्पेक्टर (SI) पद शामिल हैं। 6 साल के अंतराल के बाद SI की भर्ती होने जा रही है, जिससे लाखों युवा उम्मीदवारों को राहत मिली है।
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) द्वारा इस माह के अंत तक भर्ती अधिसूचना जारी की जा सकती है। पुलिस मुख्यालय ने बोर्ड से भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू करने का आग्रह किया है। शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) जून-जुलाई में आयोजित की जा सकती है।
2018 के बाद से अब तक MP में कोई SI भर्ती नहीं हुई थी। कोविड-19 और प्रशासनिक देरी की वजह से प्रक्रिया अटकी रही। इस देरी से कई अभ्यर्थी ओवरएज हो चुके हैं, जिससे सरकार पर पहले से ही दबाव बना हुआ था।
सरकार ने विधानसभा में घोषणा की है कि अगले 5 वर्षों में 2.5 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी। सभी विभागों में खाली पदों को भरने की तैयारी की जा रही है। SC/ST/OBC वर्ग को आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
कांग्रेस सरकार पर रोजगार के वादे पूरे न करने का आरोप लगा रही है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, जबकि विभागों में हज़ारों पद खाली पड़े हैं।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।