
MP Police Promotion: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की खाकी वर्दी प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता के विश्वास, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। पुलिसकर्मी देशभक्ति, जनसेवा, साहस और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस देश की बेहतरीन पुलिस फोर्स में शामिल है। कार्यक्र में सीएम मोहन यादव ने नए चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए और पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों के बैज लगाए। साथ ही नई भर्ती का भी ऐलान किया। जानिए पूरी डिटेल।
मुख्यमंत्री 10 अगस्त को रवींद्र भवन में आयोजित ‘आभार प्रदर्शन समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने नई भर्ती में चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए और पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों के बैज लगाए। उन्होंने बताया कि सरकार ने पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में रिकॉर्ड 27,534 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति दी है। हालांकि, प्रक्रिया पूरी होने में देरी के कारण करीब 20 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो गए।
ये भी पढ़ें- Balram Krishi Mahotsav: किसानों से युवाओं तक, CM मोहन यादव ने राजगढ़ में किए कई बड़े ऐलान
डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक विभिन्न संवर्गों में 14,704 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है। वर्ष 2026 में 9,751 पुलिसकर्मियों की भर्ती को मंजूरी दी गई है। पुलिस बैंड और एसएफएल की भर्ती भी अंतिम चरण में है। सरकार अगले दो वर्षों में आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के शेष पदों पर भर्ती पूरी करने का प्रयास करेगी। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले में नई पुलिस बटालियन बनाने की घोषणा की। राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के रूप में तीन नई बटालियन भी बनाई जाएंगी। इनमें अति पिछड़ी जातियों के साथ बैगा, भारिया और सहरिया कंपनियां शामिल होंगी।
ये भी पढ़ें- MP News: जबलपुर में उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, CM मोहन यादव ने बजाया डमरू-लगाया ‘बोल बम’ का जयकारा
डीजीपी कैलाश मकवाना ने बताया कि हॉक फोर्स ने मध्यप्रदेश से नक्सलवाद खत्म करने में अहम भूमिका निभाई। हॉक फोर्स में 325 और विशेष सहयोगी दस्ते में 882 पदों पर भर्ती हुई है। नई भर्तियों से अपराध नियंत्रण और आंतरिक सुरक्षा मजबूत होगी। सिंहस्थ 2028 के लिए भी प्रशिक्षित पुलिस बल उपलब्ध रहेगा।
कार्यक्रम में पदोन्नत डीएसपी दीपिका शिंदे, निरीक्षक रीना चौहान, प्रशिक्षु डीएसपी विनय कुमार डहरवाल और नवचयनित पुलिसकर्मी आस्था शर्मा ने अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने कहा कि भर्ती और पदोन्नति से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।