
मध्य प्रदेश में क्या अब शराब खरीदने से पहले लोगों को अपना हेल्थ टेस्ट कराना होगा? क्या बिना मेडिकल जांच के शराब की दुकानों पर मदिरा नहीं मिलेगी? सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में सामने आई ऐसी खबरों ने लोगों के बीच भ्रम पैदा कर दिया है। अब सागर जिला प्रशासन ने इन दावों पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी स्पष्टीकरण में साफ कहा गया है कि शराब खरीदने के लिए किसी भी तरह का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य नहीं किया गया है।
सागर जिला प्रशासन ने 25 नवंबर 2026 को जारी स्पष्टीकरण में मदिरा खरीदने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य होने की खबरों को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। प्रशासन के मुताबिक, जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और जनस्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। इन गतिविधियों का शराब खरीदने या बेचने की प्रक्रिया से कोई संबंध नहीं है।
मध्य प्रदेश में शराब खरीदने से पहले शराबियों का मेडिकल टेस्ट हो रहा है,
शराबी किसी भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अहम किरदार निभाते हैं, उनकी सुरक्षा राज्य की जिम्मेदारी है 😉 https://t.co/egEVY6fnOB
— खुरपेंच (@khurpenchh) November 24, 2026
यह भी पढ़ें: NDA vs INDIA Alliance: NDA में 39 दलों की ताकत! INDIA गठबंधन में क्यों बढ़ रही बेचैनी?
प्रशासन के अनुसार, कुछ समाचार पत्रों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्वास्थ्य विभाग की नियमित जांच गतिविधियों को शराब खरीदने की शर्त के तौर पर प्रस्तुत किया गया। इससे लोगों के बीच यह धारणा बनने लगी कि शराब खरीदने से पहले मेडिकल जांच कराना जरूरी होगा। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई अनिवार्यता लागू नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की नियमित गतिविधियों के दौरान यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक या आदतन शराब सेवन की जानकारी सामने आती है, तो जरूरत के अनुसार उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। ऐसे व्यक्तियों को चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही शराब के अत्यधिक सेवन से शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाती है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की यह गतिविधि शासन के नशामुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा है। इसका उद्देश्य लोगों को शराब और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। जरूरतमंद व्यक्तियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
सागर कलेक्टर की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वास्थ्य विभाग के अभियान का वास्तविक उद्देश्य समझें और तथ्यों की पुष्टि किए बिना किसी भी भ्रामक जानकारी को आगे न बढ़ाएं। फिलहाल सागर जिला प्रशासन के स्पष्टीकरण से स्पष्ट है कि मदिरा खरीदने से पहले मेडिकल जांच कराने की कोई अनिवार्य व्यवस्था नहीं है। स्वास्थ्य परीक्षण का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और नशामुक्ति संबंधी परामर्श उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें: अमृतसर के 450 साल पूरे, दिल्ली LG तरनजीत सिंह संधू ने छात्र प्रदर्शनी का किया उद्घाटन-दिया बड़ा संदेश
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।