CM मोहन यादव ने साफ किया कि MP में किसी आउटसोर्स कर्मचारी को नहीं हटाया जाएगा। सरकार ने पदोन्नति, भत्तों और कर्मचारी कल्याण को लेकर कई फैसले लिए हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से हटाए जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर करने की बात पूरी तरह भ्रामक है। राज्य सरकार किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाएगी और उनकी नियुक्ति को लेकर वर्तमान में लागू व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश भी तरक्की करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर कर्मचारी संगठनों ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा से जुड़ी नीति समाप्त करने, पदोन्नति देने और वेतन-भत्तों में बढ़ोतरी सहित कई कर्मचारी हितैषी फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
Outsource Employees News: आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने साफ कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किए जाने की खबरें सही नहीं हैं। किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को हटाने का फैसला नहीं लिया गया है। उनकी नियुक्ति के संबंध में अभी जो व्यवस्था लागू है, वह आगे भी कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की असली ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों की स्थिति से होती है। जब कर्मचारी खुश और संतुष्ट होंगे, तभी प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लिए राज्य सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह मिलकर काम कर रहे हैं।
MP Government Employees: कर्मचारियों का सम्मान और परिवार की आर्थिक सुरक्षा प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है और योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने और अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर्मचारी ही करते हैं। इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता और आत्मीयता का भाव होना जरूरी है। कई काम ऐसे होते हैं, जिन्हें करने से आत्मिक संतुष्टि मिलती है। कर्मचारी कल्याण के लिए लिए जाने वाले फैसले भी इसी भावना से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा से जुड़ी नीति को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके अलावा सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के मामले में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी (कंप्यूटर प्रवीणता प्रमाणन परीक्षा) की अनिवार्यता से छूट दी गई है।
MP Employees Promotion: एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को मिला पदोन्नति का लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी रहेगी। सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ कर्मचारियों को आगे बढ़ने के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इससे कई विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है। सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों को उनकी योग्यता और कार्यक्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर मिलें।
Employee Allowances: 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण, वेतन भुगतान में देरी नहीं हो
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट (CPCT) सहित करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन और भत्तों के भुगतान में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को समझना और उनका समय पर समाधान करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया है, ताकि अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े अलग-अलग विषयों और उनकी परेशानियों का विस्तार से अध्ययन किया जा सके।
Compassionate Appointment: अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तेजी से हो रहा निराकरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सहारा देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। इस दिशा में अब विभागों के बीच बेहतर काम करने की प्रतिस्पर्धा भी दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। सरकार का प्रयास है कि किसी कर्मचारी की मृत्यु के बाद उसके परिवार को अनावश्यक सरकारी प्रक्रियाओं के कारण परेशान न होना पड़े और पात्र परिजनों को जल्द राहत मिले।
Pensioners DA: रिटायर्ड कर्मचारियों के महंगाई भत्ते पर भी लिया फैसला
मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि रिटायर्ड कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से सहमति लेने की असंगत प्रथा को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण से जुड़े विषयों पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं को अलग-अलग स्तर पर समझकर उनका समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।
Employee Welfare: कर्मचारी संगठनों ने CM मोहन यादव की संवेदनशीलता की सराहना की
अभिनंदन समारोह में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति देने के मामले में अग्रणी रही है। यह मुख्यमंत्री की कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशीलता को दिखाता है।
गुर्जर ने बताया कि प्रदेश के कई विभागों में सरकारी नियुक्तियां की जाएंगी। अलग-अलग कर्मचारी वर्गों में वेतन विसंगतियों को दूर करने की दिशा में भी काम हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों काम कर रहे हैं। उन्होंने दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति देने और शासकीय सेवा में दो बच्चों की सीमा समाप्त करने के फैसले को भी कर्मचारी परिवारों के हित में महत्वपूर्ण बताया।
40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, मध्यप्रदेश शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी और मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव मौजूद रहे। इसके अलावा मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश राठौर, मध्यप्रदेश सचिवालय मंत्रालय शीघ्रलेखक संघ के अध्यक्ष सुभाष वर्मा, नगर निगम एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी, मध्यप्रदेश ग्रामीण कृषि अधिकारी संघ के संरक्षक मनोहर गिरि और वाहन चालक संघ के प्रदेशाध्यक्ष मनोज कुमार सहित भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।
















