
भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन से हुई मौतों की घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मामले को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। सीएम ने स्पष्ट कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
CM ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर प्रभावित इलाकों में तत्काल जांच, राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
सागर के बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में शराब सेवन से मौतों के बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
7 शराब दुकानों को किया गया सील
प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एहतियातन क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील किया गया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
डिप्टी CM बोले- दोषियों को नहीं छोड़ेंगे
उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि बंडा क्षेत्र में शराब सेवन से कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों से उनकी चर्चा हुई है। घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।