
वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान को और सशक्त बनाते हुए, एमपी टूरिज्म को जयपुर में आयोजित ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (GITB) 2026 में प्रतिष्ठित “Leading Tourism Destination” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान FICCI द्वारा, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और राजस्थान पर्यटन के सहयोग से आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स (द्वितीय संस्करण) में प्रदान किया गया। इस पुरस्कार को अतिरिक्त प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने ग्रहण किया।
सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक एमपी टूरिज्म बोर्ड, डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि GITB 2026 में मिला यह सम्मान मध्यप्रदेश की तेजी से बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य ऐसा पर्यटन विकसित करना है, जिसमें समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और जीवंत परंपराओं का समग्र अनुभव मिल सके। अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर मध्यप्रदेश को विश्व के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जयपुर में 26 से 28 अप्रैल तक आयोजित GITB 2026 में देश-विदेश के प्रमुख टूर ऑपरेटर, ट्रैवल विशेषज्ञ और हितधारक शामिल हुए। इस दौरान एमपी टूरिज्म बोर्ड का विशेष पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां विरासत, आध्यात्मिकता, वन्यजीव और सांस्कृतिक अनुभवों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
पवेलियन में पारंपरिक ‘बधाई’ नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा। साथ ही ‘सेव’, ‘गजक’ और ‘आम पना’ जैसे स्थानीय व्यंजनों के माध्यम से आगंतुकों को राज्य के पारंपरिक स्वाद का अनुभव भी कराया गया।
मध्यप्रदेश ने अपने पर्यटन को क्यूरेटेड अनुभवों और थीमैटिक सर्किट्स के रूप में प्रस्तुत किया। पवेलियन में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों, प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्यों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को खास तौर पर प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म और ईको-टूरिज्म जैसे उभरते क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे राज्य की विविधता और संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर दिखाया जा सके।
मध्यप्रदेश का प्रतिनिधिमंडल GITB 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल प्रोफेशनल्स के साथ पूर्व निर्धारित B2B बैठकों में सक्रिय रूप से शामिल हुआ। इन बैठकों का उद्देश्य दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करना और इनबाउंड पर्यटन के अवसरों को बढ़ाना है। इन संवादों के जरिए यात्रा योजनाओं का विकास, ज्ञान का आदान-प्रदान और वैश्विक पर्यटन उत्पादों में मध्यप्रदेश की भागीदारी को बढ़ावा मिल रहा है।
मध्यप्रदेश लगातार एक अनुभव-आधारित पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी पहचान को मजबूत कर रहा है। GITB जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिली यह उपलब्धि राज्य की उत्कृष्टता, सतत विकास और सांस्कृतिक प्रामाणिकता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यही कारण है कि मध्यप्रदेश वैश्विक यात्रियों के लिए “अतुल्य भारत का हृदय” बनकर उभर रहा है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।