
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाशनाथ काटजू की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नीट परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार विधानसभा के वर्तमान सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि बाबा महाकाल की कृपा रही तो यह विधेयक इसी सत्र में पारित भी हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूसीसी विधेयक के अलावा भी सरकार विधानसभा सत्र में कई महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े विषयों को सदन के सामने रखेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है और इसी दिशा में कई प्रस्ताव सदन में लाए जाएंगे।
डॉ. यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि सरकार इस महत्वपूर्ण विधेयक को विधानसभा में लाने के लिए तैयार है और उम्मीद है कि इसे सदन का समर्थन भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
नीट परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए हुए है। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
NEET परीक्षा के सफल आयोजन के लिए मध्यप्रदेश सरकार पूरी तत्परता कार्य कर रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
परीक्षा में शामिल होने जा रहे सभी विद्यार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं : CM@DrMohanYadav51… pic.twitter.com/c7i3OuKPqu— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) June 17, 2026
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं कर रही है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, आवागमन की सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि सभी अभ्यर्थी बिना किसी कठिनाई के परीक्षा में शामिल हो सकें।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।