
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर किसानों को आश्वस्त किया है कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट कहा कि जिन किसानों को मौसम की मार झेलनी पड़ी है, उन्हें तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हुई फसल और संपत्ति के नुकसान का त्वरित सर्वे करें। उन्होंने कहा कि आकलन रिपोर्ट जल्द तैयार कर सरकार को भेजी जाए, ताकि राहत कार्यों में देरी न हो।
हाल ही में ग्वालियर-चंबल संभाग के कई जिलों में आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि का असर देखा गया है। इसके अलावा राजगढ़, रायसेन और बैतूल सहित अन्य क्षेत्रों में भी मौसम के बदलाव से नुकसान हुआ है।
अचानक आए इस मौसम परिवर्तन से किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। कई जगहों पर ओलावृष्टि के कारण खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हर संभव सहायता समय पर पहुंचाई जाएगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।