
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान "बिंटांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया" से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे भारत और प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, भारत की लगातार बढ़ती वैश्विक पहचान और भारत-इंडोनेशिया के मजबूत सामरिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक संबंधों का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि इंडोनेशियाई संसद के संयुक्त सत्र को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संबोधित किया जाना पूरे देश के लिए सम्मान और गौरव का अवसर है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों में नई ऊर्जा और नया विश्वास देखने को मिला है। दोनों देश विकास, सुरक्षा, तकनीक, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग भविष्य में भी नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाएगा।
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान "Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia" से सम्मानित किया जाना प्रत्येक भारतीय के लिए गौरवमयी क्षण है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व, भारत की बढ़ती वैश्विक… pic.twitter.com/XehdLFtXM2— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 7, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह सर्वोच्च सम्मान प्रदान करना भारत के प्रति इंडोनेशिया की गहरी मित्रता और सम्मान को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले वर्ष कश्मीर के पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के बाद इंडोनेशिया ने भारत के समर्थन में मजबूती से अपनी एकजुटता दिखाई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सहयोग दोनों देशों के विश्वासपूर्ण संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।