
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने की उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘नेशन फर्स्ट’ सोच और जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि बिना किसी अवकाश के लगातार 24 वर्षों तक देश और जनता की निस्वार्थ सेवा करना बेहद कठिन काम है, जो हर किसी के बस की बात नहीं है। आज प्रधानमंत्री मोदी का जीवन और उनका समर्पण करोड़ों लोगों के लिए एक आदर्श बन चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में सबसे लंबे समय तक शासन प्रमुख के रूप में सेवा करने का रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, ईमानदारी, जनकल्याण और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश को नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि एक नेता के रूप में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के दुनिया में सबसे अधिक फॉलोअर्स हैं, जो उनकी लोकप्रियता और लोगों के समर्थन को दर्शाता है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन सुशासन, निष्ठा और जनसेवा का उदाहरण है। उन्होंने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उत्कृष्ट काम किया और अब प्रधानमंत्री के रूप में देश को सर्वोपरि रखते हुए सेवा कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली और देश के प्रति समर्पण हर किसी के लिए प्रेरणादायक है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुल 8931 दिन तक सरकार प्रमुख के रूप में सेवा देकर नया रिकॉर्ड बनाया है। इस दौरान वे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।