
भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीर मोड़ ले लिया है। बुधवार को मृतका ट्विशा शर्मा के परिजन मध्य प्रदेश मंत्रालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोबारा पोस्टमॉर्टम और न्याय की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस पूरे मामले में हर संभव सहायता करेगी और जांच को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्विशा शर्मा के परिजनों से मुलाकात के दौरान कहा कि सरकार इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए केंद्र सरकार और सीबीआई को पत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से हो सके।
सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने का निर्णय न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि यदि परिवार चाहे तो पार्थिव शरीर को दिल्ली AIIMS ले जाने के लिए सरकार परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
यह भी पढ़ें: शादी के 5 महीने बाद मौत, अब कोर्ट के फैसले ने बढ़ाया Twisha Sharma Case का सस्पेंस!
नोएडा निवासी 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शादी को महज पांच महीने ही हुए थे। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया गया, लेकिन परिवार ने इसे संदिग्ध मौत बताते हुए दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। परिजनों का आरोप है कि मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया और इसी वजह से उन्होंने दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की थी। परिवार पिछले कई दिनों से शव लेने से भी इनकार कर रहा है।
मामले में सीबीआई जांच की बात सामने आने के बाद यह केस अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर भी लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें स्थानीय जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा नहीं है और इसलिए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराना जरूरी है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार फिलहाल मामले से जुड़ी सभी रिपोर्ट्स और कानूनी प्रक्रियाओं की समीक्षा कर रही है। प्रशासनिक स्तर पर परिवार को हर प्रकार की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस पहले से दहेज मृत्यु और क्रूरता से जुड़े एंगल पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी और Meloni का ‘Melody’ मोमेंट हुआ सुपर वायरल, 100 मिलियन व्यूज पार
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।