
उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय सम्मेलन ‘लोकाभिव्यंजना’ का शुभारंभ हुआ। विज्ञान केंद्र एवं तारामंडल में आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके के मुख्य आतिथ्य में किया गया। शुभारंभ सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रिकॉर्डेड संदेश प्रसारित हुआ। इसमें उन्होंने संग्रहालयों को केवल प्राचीन कलावस्तुओं के प्रदर्शन तक सीमित रखने के बजाय जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं और अनुभवों से जोड़ने की जरूरत बताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की स्थापना इसी सोच के साथ की गई थी। इस पहल को वैश्विक स्तर पर सराहना मिली है। उन्होंने बताया कि नर्मदा अंचल की सनातन संस्कृति और जनजातीय परंपराओं पर केंद्रित वीर भारत संग्रहालय का निर्माण उज्जैन में किया जा रहा है। इसे सिंहस्थ-2028 तक साकार करने का प्रयास है।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश में संग्रहालय निर्माण और कला संवर्धन में योगदान के लिए वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव एवं मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी को भारतीय संग्रहालय संघ की ओर से विशिष्ट सेवा सम्मान-2026 प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि पश्चिमी अवधारणा के प्रभाव के कारण संग्रहालयों को अब तक प्राचीन कलावस्तुओं के प्रदर्शन केंद्र के रूप में देखा जाता रहा है। मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की स्थापना के साथ इस सोच को बदलने और संग्रहालयों को जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं तथा अनुभव यात्राओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन में नर्मदा अंचल की सनातन संस्कृति और जनजातीय परंपराओं पर आधारित वीर भारत संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। इसे सिंहस्थ-2028 तक तैयार करने का प्रयास है। इसके साथ ही बैतूल में आरण्यक संग्रहालय और प्रदेश के विभिन्न जनजातीय अंचलों में जनजातीय देवलोक की स्थापना का संकल्प भी लिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पुरातात्विक और जनजातीय संग्रहालयों के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने भारतीय सभ्यता के निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आरण्यक संस्कृति के गुणात्मक पक्षों को भारतीय ज्ञान परंपरा में समाहित करने की आवश्यकता है। उइके ने कहा कि जनजातीय जीवन प्रकृति केंद्रित है और वन संस्कृति भारतीय ज्ञान एवं जीवन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार रही है। भारतीय संग्रहालयों में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को स्थान देने की पहल सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने भी जनजातीय संस्कृति और समाज को उच्च सम्मान एवं मान्यता प्रदान की थी। जनजातीय संस्कृति समन्वय, सह-अस्तित्व और प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देती है। इसे भारतीय सांस्कृतिक विरासत के अभिन्न अंग के रूप में संग्रहालयों में उचित स्थान मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार और वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने आरण्यक संग्रहालय की स्थापना के संकल्प के माध्यम से भारत की युगों पुरानी सभ्यता को जनजातीय दृष्टिकोण और सहभागिता से समझने का अनूठा अवसर दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों के अनुरूप भारत के समृद्ध और गौरवशाली अतीत को समझने के लिए जनजातीय परंपराओं का साक्षात्कार जरूरी है। इनके बिना देश के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और अतीत के कई महत्वपूर्ण पहलुओं को पूरी तरह समझना संभव नहीं है। श्री तिवारी ने कहा कि नए युग के संग्रहालयों में प्रकृति और मानव समुदायों के जीवंत संबंधों के साथ उनके कार्यों का भी चित्रण होना चाहिए। आदिवासी देवलोक संग्रहालयों को एक विशिष्ट और अनूठा स्वरूप प्रदान करता है।
उन्होंने जनजातीय समाज के पारंपरिक तकनीकी ज्ञान, कौशल और जीवनोपयोगी अनुभवों को भी संग्रहालयों में समुचित स्थान देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि ‘लोकाभिव्यंजना’ से ‘लोकाभिराम’ तक की यात्रा तय करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए, ताकि लोकजीवन की समृद्ध परंपराएं व्यापक रूप में समाज के सामने आ सकें।
दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश मिश्र ने भारतीय दृष्टिकोण पर आधारित संग्रहालयों के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संग्रहालयों में पुरातात्विक धरोहरों के साथ-साथ जीवंत इतिहास को भी जगह मिलनी चाहिए। डॉ. मिश्र ने कहा कि संग्रहालयों को केवल स्थूल प्रदर्शनियों तक सीमित रखने के बजाय जीवंत कला और सांस्कृतिक परंपराओं को भी उनका हिस्सा बनाया जाना चाहिए। आज भारत को जन-संस्कृति पर आधारित संग्रहालयों का नया स्वरूप विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शोध पद्धतियां जनजातीय संस्कृति के व्यापक स्वरूप को समझने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए शोधार्थियों को जनजातीय समाज के बीच जाकर उनके जीवन, परंपराओं और सांस्कृतिक व्यवहारों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ना होगा।
भारतीय संग्रहालय संघ के अध्यक्ष प्रो. आनंद वर्धन ने प्रस्तावित ‘युगे-युगीन भारत’ संग्रहालय में आरण्यक संस्कृति को समुचित स्थान देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति को उसके सही संदर्भ में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। प्रो. वर्धन ने युवा संग्रहालय विज्ञानियों से ‘युगे-युगीन भारत’ की संकल्पना को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संग्रहालयों के विकास में युवाओं को आगे आना चाहिए।
सम्मेलन के पहले दिन ‘भारत दृष्टि-भारत वैभव’ और ‘महाकवि कालिदास’ विषयों पर विशेष अकादमिक सत्र आयोजित किए गए। प्रो. संजीव शर्मा और प्रो. बालकृष्ण शर्मा ने महाकवि कालिदास के साहित्यिक योगदान पर विचार रखे। अंतरराष्ट्रीय विद्वानों लूसी गेस्ट, नायरा मर्कतचीन, मारिया सीमाशोवा और ओल्गा स्टारोस्तिना के साथ पूर्व उच्चायुक्त मुकेश्वर चुन्नी ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। इनमें भारतीय आध्यात्मिक दर्शन, नृत्य परंपरा, रूसी कला-संस्कृति और मॉरीशस में भारतीय सांस्कृतिक विरासत जैसे विषय शामिल रहे।
‘लोकाभिव्यंजना’ का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, भारतीय संग्रहालय संघ और दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। तीन दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के संग्रहालय विशेषज्ञों, कला संरक्षकों और विद्वानों ने सहभागिता की। सम्मेलन में संग्रहालयों के बदलते स्वरूप, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, भारतीय ज्ञान परंपरा और जीवंत सांस्कृतिक विरासत को संग्रहालयों में स्थान देने जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।