
CM Mohan Yadav Kolkata Election Campaign: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है और इसी के साथ सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Mohan Yadav) ने शनिवार, 18 अप्रैल को कोलकाता की दो अहम विधानसभाओं में धुआंधार प्रचार कर चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया। उन्होंने कोलकाता जिले की कमरहाटी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी अरुप चौधरी और मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर सदर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष के समर्थन में जनता से वोट की अपील की। दोनों जगह उन्होंने साफ कहा कि दुनिया की कोई ताकत बंगाल में कमल खिलने से नहीं रोक सकती, क्योंकि जनता अब जंगलराज और तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) से त्रस्त हो चुकी है और अब विकास चाहती है।
18 अप्रैल की सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सबसे पहले कमरहाटी विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल अब ठहराव नहीं बल्कि परिवर्तन और प्रगति की ओर बढ़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कई सालों से विकास की दौड़ में पीछे छूट चुका पश्चिम बंगाल अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के साथ नई ऊर्जा, नई दिशा और तेज रफ्तार विकास की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने कोलकाता के अंदरूनी इलाकों में फैली गरीबी और खराब हालात का जिक्र करते हुए कहा कि यहां युवाओं के पास रोजगार के अवसर नहीं हैं, जिससे मजबूरी में लोगों को पलायन करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, बंगाल में हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन वर्तमान हालात के कारण राज्य लगातार पीछे जा रहा है और अब जनता टीएमसी के कुशासन से मुक्ति चाहती है।
कमरहाटी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने गलियों में घूमकर जनता से सीधा संवाद किया और भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को तेज गति से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अगर देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा तो विकास के मामले में काफी आगे निकल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कभी देश के सबसे समृद्ध राज्यों में गिने जाने वाले बंगाल की स्थिति पहले कम्युनिस्ट पार्टी और बाद में टीएमसी सरकारों के कारण बिगड़ी है, जिससे राज्य का विकास प्रभावित हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि इसे रोकने के लिए एसआईआर (Special Intensive Revision) बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश पर सभी राज्यों में यह प्रक्रिया अपनाई गई है, जिससे सही मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने दावा किया कि जहां प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के अन्य राज्य तेजी से प्रगति कर रहे हैं, वहीं बंगाल पिछड़ता जा रहा है। उनके मुताबिक, बंगाल की जनता अब प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाकर विकास की नई कहानी लिखना चाहती है।
शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर सदर विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष (Dilip Ghosh) के समर्थन में प्रचार किया। यहां उन्होंने कहा कि जनता के चेहरे की चमक साफ बता रही है कि बंगाल में इस बार कमल जरूर खिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है और बंगाल में भी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि एक सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति भी मुख्यमंत्री बन सकता है, जो केवल लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलने वाली भाजपा में ही संभव है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर, उज्जैन में महाकाल लोक और काशी में विश्वनाथ धाम जैसे बड़े प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं और भविष्य में मथुरा में भी ऐसे विकास कार्य संभव हैं।
खड़गपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिलीप घोष के समर्थन में भव्य रोड शो किया, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान पूरा माहौल नारों से गूंज उठा और लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने दिलीप घोष को भाजपा का शुभंकर बताते हुए कहा कि जैसे पारस के संपर्क में आने पर लोहा सोना बन जाता है, वैसे ही उनके संपर्क में आने वाले कार्यकर्ता भाजपा के मजबूत समर्थक बन जाते हैं। उन्होंने 23 अप्रैल तक सभी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में डटे रहने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि खड़गपुर की जनता इस बार भाजपा को बड़े अंतर से जीत दिलाने के लिए तैयार है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।