Published : Nov 23, 2024, 06:45 AM ISTUpdated : Nov 23, 2024, 08:02 PM IST

महाराष्ट्र चुनाव 2024 रिजल्ट: महायुति की महाजीत, अघाड़ी को जोरदार झटका

सार

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 की सभी 288 सीटों के रुझान आ चुके हैं। महायुति 234 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि महाविकास अघाड़ी सिर्फ 48 सीटों पर सिमटती दिख रही है। महायुति ने करीब 2 तिहाई सीटें जीतकर पूरा मुकाबला एकतरफा बना दिया। बता दें कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को सिंगल फेज में वोटिंग हुई थी। इस दौरान करीब 66% मतदान हुआ था। महाराष्ट्र में सत्ता की कुर्सी यानी बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 145 सीटें जरूरी हैं।

07:36 PM (IST) Nov 23

BJP हेडक्वार्टर पहुंचे अमित शाह-जेपी नड्डा, PM मोदी का इंतजार

महाराष्ट्र में बीजेपी की अगुआई वाले महायुति गठबंधन की शानदार जीत के बाद BJP मुख्यालय में जश्न का माहौल है। गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा दफ्तर पहुंच चुके हैं। वहीं, PM मोदी का इंतजार किया जा रहा है। कुछ ही देर में मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

07:15 PM (IST) Nov 23

बाज की असली उड़ान अभी बाकी है- फडणवीस

महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन की ऐतिहासिक जीत पर देवेन्द्र फडणवीस ने X पर ट्वीट करते हुए लिखा- बाज की असली उड़ान अभी बाकी है…इसके साथ उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उनकी राजनीतक और चुनावी यात्रा को दिखाया गया है।

 

 

07:01 PM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र के नतीजे चौंकाने वाले - राहुल गांधी

महाराष्ट्र के नतीजों पर सवाल खड़े करते हुए राहुल गांधी ने कहा- महाराष्ट्र के नतीजे अप्रत्याशित हैं और इनका हम विस्तार से विश्लेषण करेंगे। प्रदेश के सभी मतदाता भाई-बहनों को उनके समर्थन और सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के लिए धन्यवाद।

06:48 PM (IST) Nov 23

महाविकास अघाड़ी की हार पर क्या बोले उद्धव ठाकरे?

महाराष्ट्र चुनाव में महाविकास अघाड़ी गठबंधन की करारी हार पर उद्धव ठाकरे ने कहा- मुझे समझ नहीं आ रहा कि ये सुनामी क्यों आई? इस पर रिसर्च करनी पड़ेगी। राज्य में किसान परेशान हैं, बेरोजगारी है। वहीं, बंटेगे तो कटेंगे के नारे को उन्होंने महायुति की जीत का फॉर्मूला मानने से इनकार कर दिया।

06:02 PM (IST) Nov 23

NDA कार्यकर्ताओं पर गर्व - PM मोदी

महाराष्ट्र में बीजेपी की अगुआई वाले महायुति गठबंधन की धमाकेदार जीत पर पीएम मोदी ने बधाई दी। उन्होंने X पर NDA कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा- मुझे जमीन पर उनके प्रयासों के लिए हर एक एनडीए कार्यकर्ता पर गर्व है। सभी ने कड़ी मेहनत की, लोगों के बीच पहुंचे और हमारे गुड गवर्नेंस को विस्तार से बताया।

 

 

05:56 PM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र: 26 नवंबर से पहले तय करना होगा मुख्यमंत्री कौन?

महाराष्ट्र में 26 नवंबर को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में उससे पहले सरकार बनानी होगी। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े के मुताबिक, सीएम कौन होगा इसे लेकर भाजपा, शिवसेना और अजित पवार की पार्टी मिलकर आज रात या फिर कल तक फैसला कर लेंगी।

04:01 PM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र के सबसे अमीर उम्मीदवार पराग शाह जीते

महाराष्ट्र की घाटकोपर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी पराग शाह ने एनसीपी शरद गुट की राखी जाधव को 34999 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

03:56 PM (IST) Nov 23

कांकवली सीट से BJP के नीतेश राणे 58 हजार वोटों से जीते

महाराष्ट्र की कांकवली विधानसभा सीट से BJP के नीतेश नारायण राणे 58007 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने शिवसेना यूबीटी के प्रत्याशी संदेश पारकर को शिकस्त दी।

03:52 PM (IST) Nov 23

अकोला ईस्ट, सतारा सीट पर BJP उम्मीदवारों की जीत

महाराष्ट्र की अकोला ईस्ट विधानसभा सीट से बीजेपी के रणधीर सावरकर 50 हजार वोटों से जीत गए हैं। वहीं, सतारा विधानसभा सीट से बीजेपी के शिवेंद्र राजे भोंसले ने शिवसेना यूबीटी उम्मीदवार को 1.42 लाख वोटों से हराया।

 

03:16 PM (IST) Nov 23

बाबा सिद्दीकी का बेटा जीशान 7415 वोटों से पीछे

बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान मुंबई की बांद्रा ईस्ट सीट पर NCP अजित गुट से चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, वो शिवसेना (UBT) के प्रत्याशी वरुण सरदेसाई से 7415 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

02:19 PM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र : स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद पीछे

अणुशक्ति नगर सीट से NCP के शरद पवार गुट के उम्मीदवार और एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद 3378 वोटों से पीछे चल रहे हैं। उन्हें एनसीपी अजित पवार गुट की कैंडिडेट सना मलिक कड़ी टक्कर दे रही हैं।

12:45 PM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र : अगला CM कौन होगा, इस पर क्या बोले शिंदे

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के सवाल पर एकनाथ शिंदे ने कहा- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा, अंतिम नतीजे आने दीजिए...उसके बाद सबकुछ तय होगा। जिस तरह हमने एक साथ चुनाव लड़ा, उसी तरह तीनों पार्टियों के सीनियर लीडर्स एक साथ बैठेंगे और फैसला करेंगे कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

12:41 PM (IST) Nov 23

जनता ने महायुति के काम पर वोट दिया: एकनाथ शिंदे

मैं महाराष्ट्र के तमाम वोटर्स को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं, क्योंकि ये लैंडस्लाइड विक्ट्री है। महायुति को बंपर मेजॉरिटी मिली है। मैं अपने लाडले किसानों, भाई-बहनों और तमाम नागरिकों का शुक्रिया अदा करता हूं, जो उन्होंने हमें इतनी बड़ी जीत का रास्ता क्लियर किया है। जनता ने महायुति के काम पर वोट दिया है।

12:11 PM (IST) Nov 23

अजित पवार को मुख्यमंत्री बनना चाहिए: सुनेत्रा पवार

अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने कहा- आज का दिन अजित पवार, एनसीपी और बारामती के लिए बेहद सौभाग्य लाया है। अजित को अपार समर्थन देने के लिए मैं बारामती की जनता का धन्यवाद करती हूं। मैं चाहती हूं कि अजित पवार को महाराष्ट्र का CM बनना चाहिए।

11:48 AM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र में फडणवीस को CM बनाने की उठी मांग

महाराष्ट्र में महायुति को मिलती दिख रही एकतरफा जीत में बीजेपी का बड़ा हाथ है। इसके साथ ही बीजेपी अध्यक्ष प्रवीण दरेकर ने कहा है कि सबसे बड़े दल के तौर पर भाजपा से देवेन्द्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए।

11:17 AM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र: महायुति को जनता का क्लियर मेंडेट

BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा- महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है। हम महाराष्ट्र के साथ ही उत्तर प्रदेश उपचुनाव भी जीत रहे हैं। इससे साफ है कि जनता ने हमें भरपूर आशीर्वाद दिया है। यह कहना गलत नहीं होगा - हम तो एक हैं और सुरक्षित हैं। हमें गर्व है कि हमें बार-बार लोगों का आशीर्वाद मिल रहा है।

10:39 AM (IST) Nov 23

ये जनता का फैसला नहीं, कुछ तो गड़बड - संजय राउत

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की बढ़त और महाविकास अघाड़ी के पिछड़ने पर शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत का कहना है कि ये जनता का फैसला नहीं हो सकता, कुछ तो गड़बड़ है।

10:16 AM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र में प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रहा महायुति गठबंधन

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के रुझान आ चुके हैं। इसमें 207 सीटों पर महायुति आगे चल रही है, जबकि महाविकास अघाड़ी को सिर्फ 69 सीटों पर बढ़त है। बीजेपी 116 सीटों की बढ़त के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है।

10:13 AM (IST) Nov 23

राज ठाकरे के बेटे अमित हुए पीछे

महाराष्ट्र की माहिम सीट से शिवसेना (यूबीटी) के महेश सावंत आगे चल रहे हैं, जबकि राज ठाकरे के बेटे अमित अमित ठाकरे पीछे चल रहे हैं। इसके अलावा मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से सपा नेता अबू आजमी आगे चल रहे हैं। इसी सीट से NCP के नवाब मलिक पीछे चल रहे हैं।

09:33 AM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र: शुरुआती रुझानों में महायुति को बहुमत, MVA 83 सीटों पर आगे

महाराष्ट्र के शुरुआती रुझानों में महायुति बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है। उसे 191 सीटों पर बढ़त है। वहीं, महाविकास अघाड़ी गठबंधन 83 सीटों पर आगे चल रहा है। इसमें बीजेपी 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है। 

09:10 AM (IST) Nov 23

बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी आगे

बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी मुंबई की बांद्रा ईस्ट विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। बता दें कि 25 अक्टूबर, 2024 को वे कांग्रेस छोड़कर NCP अजित गुट में शामिल हो गए थे। जीशान 2019 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने थे।

08:34 AM (IST) Nov 23

महायुति 175 सीटें जीतेगी - राहुल नार्वेकर

कोलाबा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा-मेरे हिसाब से महायुति 175 सीटें जीतेगी। उन्होंने भी सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया।

08:25 AM (IST) Nov 23

महाराष्ट्र : 57 सीटों पर महायुति तो 10 पर महाविकास अघाड़ी आगे

शुरुआती रुझानों में महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति गठबंधन (बीजेपी, शिवसेना शिंदे गुट, एनसीपी अजित पवार गुट) 57 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं महाविकास अघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना उद्धव गुट, एनसीपी शरद पवार गुट) 10 सीटों पर आगे चल रहा है। इस तरह महायुति ने बंपर बढ़त बना ली है।  

08:05 AM (IST) Nov 23

माहिम से शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार महेश सावंत पहुंचे सिद्धिविनायक

शिवसेना (यूबीटी) नेता और माहिम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार महेश सावंत ने मुंबई में श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में दर्शन किए। दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा- मैं यहां बप्पा का आशीर्वाद लेने आया हूं।

07:49 AM (IST) Nov 23

मतगणना से पहले बप्पा का आशीर्वाद लेने सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचीं शाइना एनसी

मुंबा देवी विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना की उम्मीदवार शाइना एनसी मतगणना से पहले बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचीं। उन्होंने मुंबई के श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की।

07:36 AM (IST) Nov 23

बारामती में छाए अजित पवार

बारामती में अजित पवार के बड़े-बड़े कटआउट और पोस्टर-बैनर लग चुके हैं। इनमें अजित पवार को अभी से महाराष्ट्र का अगले मुख्यमंत्री बताया गया है।

 

07:22 AM (IST) Nov 23

महायुति vs महाविकास अधाड़ी : किसने कितनी सीटों पर लड़ा चुनाव

महायुतिः बीजेपी 148, शिवसेना (शिंदे गुट) 80 और अजित पवार की एनसीपी 53 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

महाविकास अघाड़ीः कांग्रेस 103, शिवसेना (यूबीटी) 89, एनसीपी (एसपी) 87 सीटों पर मैदान में है. बाकी 6 सीटों पर गठबंधन के बाकी सहयोगी लड़ रहे हैं।