
पुणे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने हिंदू नेताओं द्वारा विभिन्न स्थलों पर "राम मंदिर जैसे" विवादों को उठाने की प्रवृत्ति को "अस्वीकार्य" बताया है। उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद और राजस्थान में अजमेर शरीफ सहित पूजा स्थलों को लेकर चल रहे विवादों के बीच भागवत ने कहा, "भारत को एक उदाहरण स्थापित करना चाहिए कि कैसे विभिन्न धर्म और विचारधाराएं सद्भाव में एक साथ रह सकती हैं।" पुणे में "विश्वगुरु भारत" विषय पर आयोजित व्याख्यान में गुरुवार को आरएसएस प्रमुख ने ये बातें कहीं।
भारत के लोगों को पिछली गलतियों से सबक सीखना चाहिए। अपने देश को दुनिया के लिए रोल मॉडल बनाने की कोशिश करनी चाहिए। दिखाना चाहिए कि विवादास्पद मुद्दों से बचकर किस प्रकार एक दूसरे के साथ शांति से रहा जा सकता है। उन्होंने कहा, "राम मंदिर आस्था का विषय था। हिंदुओं की आस्था थी कि इसे बनाया जाना चाहिए। नफरत और दुश्मनी के कारण कुछ नए स्थलों के बारे में मुद्दा उठाना अस्वीकार्य है।"
उन्होंने कहा, “हर दिन तिरस्कार और दुश्मनी के लिए नए मुद्दे उठाना ठीक नहीं है। इसका समाधान क्या है? हमें दुनिया को दिखाना चाहिए कि हम सद्भाव से रह सकते हैं। इसलिए हमें अपने देश में थोड़ा प्रयोग करना चाहिए। हमारे देश में विभिन्न संप्रदायों और समुदायों की विचारधाराएं हैं।”
मोहन भागवत ने कहा कि प्राचीन संस्कृति की ओर लौटकर हम समाज में टकराव कम कर सकते हैं। उग्रवाद, आक्रामकता, बल प्रयोग और दूसरों के देवताओं का अपमान करना हमारी संस्कृति नहीं है। यहां कोई अल्पसंख्यक या बहुसंख्यक नहीं है। हम सभी एक हैं। हर किसी को अपनी पूजा पद्धति का पालन करने की अनुमति होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी पर हत्या के प्रयास का मामला, BJP ने दर्ज कराई शिकायत
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।