
लुधियाना। लुधियाना पश्चिम के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी (Gurpreet Bassi Gogi) की मौत संदिग्ध स्थिति में हो गई है। घटना शुक्रवार आधी रात की है। गोली उनके सिर में लगी थी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने खुद अपने सिर में गोली मारी या किसी और ने हत्या की, इसकी जांच की जा रही है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त जसकरन सिंह तेजा ने मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें मृत अवस्था में डीएमसी अस्पताल लाया गया था। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है। घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे घटी।
आप के जिला सचिव परमवीर सिंह ने बताया कि विधायक दिन में नियमित कार्यक्रमों के बाद घुमार मंडी स्थित अपने घर लौटे थे। वह अपने परिवार के लोगों के साथ थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और बेटी हैं। सूत्रों के अनुसार आधी रात को विधायक की पत्नी डॉ. सुखचैन कौर गोगी ने गोली की आवाज सुनी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचीं तो देखा कि पति खून से लथपथ पड़े थे। परिवार के लोग सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्हें डीएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि गोगी अपने लाइसेंसी पिस्तौल की सफाई कर रहे थे तभी गलती से गोली चल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि उनकी मौत आत्महत्या थी या कुछ और। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि गुरप्रीत बस्सी गोगी 2022 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। उन्होंने लुधियाना विधानसभा चुनाव में दो बार के कांग्रेस विधायक भारत भूषण आशु को हराया था। उनकी पत्नी सुखचैन कौर गोगी ने भी नगर निगम चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार इंद्रजीत सिंह इंडी से हार गईं थीं। 58 साल के गोगी 2022 में विधायक बनने से पहले दो बार नगर निगम के पार्षद रहे थे। वह कांग्रेस जिला (शहरी) अध्यक्ष भी थे।
यह भी पढ़ें- इस कांस्टेबल को सुन लोगों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल, वजह जान पकड़ लेंगे माथा
पंजाब की राजनीति, किसान मुद्दे, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक खबरें पढ़ें। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और ग्रामीण क्षेत्रों की विशेष रिपोर्ट्स के लिए Punjab News in Hindi सेक्शन देखें — ताज़ा और प्रामाणिक खबरें Asianet News Hindi पर।