अयोध्या राम मंदिर ध्वजारोहण: 25 नवंबर को रचेगा इतिहास, प्रधानमंत्री मोदी फहराएंगे मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज

Published : Nov 12, 2025, 07:26 AM IST
ayodhya ram mandir dhwajarohan PM Modi CM Yogi Adityanath

सार

25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के 161 फीट ऊंचे मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। योगी सरकार ने इस आयोजन को दीपोत्सव से भी भव्य बनाने की तैयारी की है। देशभर में लाइव प्रसारण होगा।

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं। अब 25 नवंबर 2025 को विश्व इतिहास का एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के 161 फीट ऊंचे मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। यह क्षण देश और विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए एक अलौकिक और भावनात्मक अनुभव होगा।

योगी सरकार का संकल्प- अब तक का सबसे भव्य आयोजन

योगी सरकार ने इस ध्वजारोहण समारोह को अब तक का सबसे भव्य आयोजन बनाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अयोध्या में डेरा डाले हुए हैं। हर तैयारी की जानकारी सीधे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाई जा रही है।

देशभर में लाइव दिखेगा ध्वजारोहण समारोह

25 नवंबर को होने वाला यह ऐतिहासिक कार्यक्रम देशभर में लाइव देखा जा सकेगा। इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन समेत सभी प्रमुख न्यूज चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में 200 फीट चौड़ी विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके अलावा अयोध्या के 30 से अधिक प्रमुख स्थलों—रामपथ तिराहा, सहादतगंज, लता मंगेशकर चौक, सुग्रीव किला, राम की पैड़ी आदि- पर भी बड़ी स्क्रीनें लगेंगी, ताकि लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल को देख सकें।

दीपोत्सव से भी अधिक जगमगाएगी अयोध्या

पूरा शहर दीपोत्सव से भी अधिक भव्य रोशनी और सजावट से नहाया नजर आएगा। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे, वैसे ही अयोध्या फूलों की मालाओं, भगवा झंडों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजेगी। हर चौराहे पर भव्य तोरणद्वार बनाए जाएंगे, जिन पर सुनहरे अक्षरों में ‘जय श्री राम’ लिखा होगा।

अयोध्या में सांस्कृतिक छटा का उत्सव

21 से 25 नवंबर तक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक हर ओर दिखेगी। दीपोत्सव और प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तरह प्रमुख चौराहों और स्थलों पर रामकथा, भजन, नृत्य और लोक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। पर्यटन और संस्कृति विभाग कलाकारों से लगातार संपर्क में है ताकि पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब सके।

सफाई और सौंदर्यीकरण में जुटा प्रशासन

नगर निगम की टीमें दिन-रात साफ-सफाई और सजावट में लगी हैं। सड़कें दुरुस्त की जा रही हैं, घाटों पर रंग-रोगन और पौधारोपण हो रहा है। सरयू तट को स्वर्णिम स्वरूप दिया जा रहा है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि शहर को “प्राण प्रतिष्ठा समारोह” जैसी भव्यता दी जा रही है। हर गली-मोहल्ला स्वच्छ और आकर्षक बनाया जा रहा है ताकि लाखों श्रद्धालु अयोध्या की दिव्यता को देख अभिभूत हो उठें।

नई पहचान बनेगा यह आयोजन

यह आयोजन सिर्फ ध्वजारोहण समारोह नहीं, बल्कि रामनगरी की नई पहचान का प्रतीक बनेगा। जब प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर के मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे, तब यह क्षण पूरे भारतवर्ष और विश्वभर के सनातन धर्मावलंबियों की स्मृति में अमर हो जाएगा। यह वह पल होगा, जिसे युगों-युगों तक याद रखा जाएगा।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

काशी-तमिल संगमम: अयोध्या में 250 अतिथियों का भव्य स्वागत, रामलला दर्शन से भावुक हुए मेहमान
योगी सरकार का बड़ा एक्शन: प्रदेशभर में अवैध कोडीन सिरप और नॉरकोटिक दवाओं पर सख्त अभियान