
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले पर्व-त्योहार लोग खुशी और उत्साह से मनाएं। साथ ही उनकी सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में पर्व-त्योहारों की तैयारियों, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव से विभागीय तैयारियों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति कार्यक्रम महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का प्रतीक है। 22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत होगी, जो एक माह तक चलेगा।
CM योगी ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और जनसहयोग से ही बीते वर्षों में त्योहार शांति और सौहार्द से संपन्न हुए हैं। आने वाले त्योहार जैसे- पितृ विसर्जन, शारदीय नवरात्रि, विजयादशमी, गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री जयंती, अग्रेसन जयंती, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपोत्सव, दीपावली, काशी की देव दीपावली और छठ महापर्व – भी शांति से संपन्न हों।
उन्होंने कहा कि इस समय पूरी प्रशासनिक टीम को 24×7 अलर्ट रहना होगा। उपद्रवियों और अराजक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखें। फेक अकाउंट और अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। डिजिटल मीडिया के जरिए सही तथ्य समय पर सामने लाए जाएं। किसी भी संवेदनशील मामले पर वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और खुद स्थिति संभालें।
त्योहारों के समय ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए हर शहर में अलग योजना बनाई जाए। छोटी घटना लापरवाही से बड़ा विवाद बन सकती है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।त्वरित कार्रवाई और संवाद से अप्रिय घटनाओं को रोका जा सकता है।
त्योहारों के दौरान पूरे प्रदेश में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर विकास और पंचायती राज विभाग विशेष प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आईजीआरएस, सम्पूर्ण समाधान दिवस, सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। अधिकारी घटनाओं की रोज समीक्षा करें।
CM योगी आदित्यनाथ ने बताया कि विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान के तहत 300 से अधिक विद्वान जनपदों में लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसी तरह हर जिले में 5 से 10 विद्वानों को चिन्हित कर जनता से सुझाव लिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें
'वोकल फॉर लोकल' को मिलेगा बढ़ावा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश
CM योगी सरकार का बड़ा अभियान, विकसित उत्तर प्रदेश 2047 की ओर कदम
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।