
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के अंतर्गत 17 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब पर्यटन, व्यापार और निवेश का विश्वस्तरीय केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमी केवल निवेशक नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास में सरकार के सहभागी हैं। उन्होंने कहा कि निवेशकों ने यूपी की नई पहचान को देश और दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम योगी ने कहा कि आज जिस जेवर क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है, वहां कुछ वर्ष पहले तक भय और असुरक्षा का माहौल था। उन्होंने कहा कि करीब 9 वर्ष पहले यह इलाका गंभीर आपराधिक घटनाओं के लिए जाना जाता था। शाम होते ही लोगों की आवाजाही कम हो जाती थी और पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं भी नहीं थीं। लेकिन आज वही क्षेत्र आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश का बड़ा केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे “नए भारत के नए उत्तर प्रदेश” की तस्वीर बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया और अपराधियों का प्रभाव था। अलग-अलग जिलों में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता था। उन्होंने कहा कि व्यापारी समय से पहले दुकानें बंद कर देते थे और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे। सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी कमजोर थी। सीएम ने कहा कि सरकार के पास स्पष्ट नीति, निवेश के लिए सुरक्षित माहौल और पर्याप्त लैंड बैंक की कमी थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए सुरक्षा सबसे जरूरी आधार है। सुरक्षित माहौल में ही उद्योग और व्यापार तेजी से आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में निवेशकों को बिना किसी बाधा के उद्योग लगाने का अवसर मिल रहा है। प्रदेश में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से मजबूत हुआ है और यूपी देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो चुका है। सीएम के अनुसार प्रदेश में देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा मौजूद है। साथ ही चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में केवल दो एयरपोर्ट सक्रिय थे, जबकि आज 16 एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। इनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि छह और एयरपोर्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा यूपी के पास 16 हजार किलोमीटर लंबा रेल नेटवर्क और ईस्टर्न-वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जंक्शन भी मौजूद है। सीएम ने कहा कि जिस क्षेत्र में निवेश हो रहा है, वहां विश्वस्तरीय एयर कनेक्टिविटी, रोड नेटवर्क और लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यह क्षेत्र बड़ा लॉजिस्टिक हब बन रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगा, कर्फ्यू, अराजकता और माफिया संस्कृति से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर निवेशक को सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था की गारंटी देती है। यूपी में निवेश करने वाला हर उद्यमी युवाओं को रोजगार देने और उन्हें कौशल विकास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 34 सेक्टोरल पॉलिसियां लागू हैं। इसके अलावा एफडीआई और फॉर्च्यून-500 कंपनियों के लिए विशेष नीतियां भी बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि YEIDA क्षेत्र में 25 हजार हेक्टेयर का बड़ा लैंड बैंक विकसित किया जा रहा है। वहीं बीडा को नए औद्योगिक शहर के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां कानपुर और झांसी के बीच 56 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्ष प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटक पहुंचे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं हमेशा से थीं, लेकिन पहले की राजनीतिक सोच के कारण राज्य पिछड़ गया था। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के आने के बाद प्रदेश की तस्वीर बदली है और आज यूपी देश की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा ग्रोथ सेंटर बनकर उभरा है।
सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। एयरपोर्ट में कार्गो और एमआरओ जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि 15 जून से यहां घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू होगा और उसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं भी प्रारंभ की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि जिस क्षेत्र में उन्हें भूमि आवंटित की जा रही है, वह भविष्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे संभावनाशील निवेश भूमि में शामिल है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गोरखपुर जैसे क्षेत्रों में भी निवेश से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अब उद्योगों के लिए भयमुक्त माहौल है और “गुंडा टैक्स” जैसी स्थिति खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निवेश बढ़ने से युवाओं और महिलाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले प्रदेश में महिला वर्कफोर्स की भागीदारी 10 से 12 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 से 37 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए निवेशों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 15 हजार रोजगार के अवसर पैदा होंगे। रिन्यूएबल एनर्जी, बैटरी मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, डेटा प्रोसेसिंग, अपैरल और एमएसएमई जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश प्रस्ताव आए हैं। उन्होंने कहा कि एसईएएल सोलर 8 हजार करोड़ रुपये के निवेश से सोलर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रही है, जबकि एस्कॉर्ट्स कुबोटा 4500 करोड़ रुपये से ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण निर्माण प्लांट लगाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि YEIDA क्षेत्र में विजनरी प्लानिंग और फास्ट ट्रैक इंप्लीमेंटेशन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने यहां उत्तर भारत की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर चिप यूनिट की आधारशिला रखी है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई पार्क, डेटा सेंटर पार्क और टॉय पार्क का भी तेजी से विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से आग्रह किया कि वे एनसीआर के बाहर पूर्वांचल और बुंदेलखंड के जिलों में भी निवेश करें। उन्होंने कहा कि बलिया, कुशीनगर, महराजगंज, सोनभद्र, चित्रकूट, बांदा और ललितपुर जैसे जिलों में भी निवेश की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी और कई उद्योगपति व निवेशक मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।