
Lucknow metro east west corridor: क्या आपने कभी सोचा है कि लखनऊ के पुराने बाज़ार चौक से लेकर नए इलाकों जैसे वसंत कुंज तक मेट्रो से सफर हो? अब यह सपना जल्द ही हकीकत बनने वाला है। राजधानी लखनऊ में मेट्रो का जाल और विस्तार लेने जा रहा है। इस बार बारी है ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर की, जो शहर की नई रफ्तार और दिशा तय करेगा।
यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर पर काम तेज कर दिया है। वसंत कुंज से चौक तक सॉइल टेस्टिंग के नमूने लिए जा चुके हैं और लगभग 40% ग्राउंड लेवल वर्क पूरा भी हो चुका है। अब निर्माण के लिए पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (PIB) से इसी माह मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस रूट की डीटेल्ड प्रॉजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप (NPG) ने भी इस परियोजना को हरी झंडी दिखा दी है। अब केवल PIB और केंद्रीय कैबिनेट की स्वीकृति का इंतजार है। UPMRC के एक अधिकारी के अनुसार, दिल्ली में इस माह होने वाली PIB बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। अगर मंजूरी मिलती है तो जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे और निर्माण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
भले ही कॉरिडोर को पूरा करने का अनुमान 6 साल का है, लेकिन UPMRC इसे 4 साल में पूरा करने की तैयारी में है। इसीलिए अब से ही ग्राउंडवर्क पर तेजी से काम किया जा रहा है। एक तकनीकी अधिकारी के अनुसार, निर्माण शुरू होने से पहले ग्राउंड वर्क में 6 से 10 महीने लगते हैं। यदि पहले से तैयारी पूरी हो तो निर्माण समय पर या उससे पहले पूरा हो सकता है। UPMRC ने इस काम में कानपुर और आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट के एक्सपर्ट्स की मदद ली है। करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से यह काम किया जा रहा है जिसमें सॉइल टेस्टिंग, टोपोग्राफी और यूटिलिटी डायवर्जन शामिल हैं।
| विशेषता | विवरण |
| कुल लंबाई | 11.165 किमी |
| एलिवेटेड सेक्शन | 4.286 किमी |
| अंडरग्राउंड सेक्शन | 6.879 किमी |
| अनुमानित लागत | ₹5,801 करोड़ |
| कुल स्टेशन | 12 स्टेशन (7 अंडरग्राउंड + 5 एलिवेटेड) |
| इंटरचेंज स्टेशन | चारबाग (नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से लिंक) |
ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर न सिर्फ लखनऊ की ट्रैफिक समस्याओं को कम करेगा बल्कि शहर की गति और विकास को भी नया आयाम देगा। चारबाग इंटरचेंज स्टेशन के रूप में काम करेगा जिससे नॉर्थ-साउथ और ईस्ट-वेस्ट दोनों रूट एक-दूसरे से कनेक्ट हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: 14 मिनट तक आसमान में लटकी रही इंडिगो फ्लाइट, जयपुर रनवे पर मचा हड़कंप! ओम बिड़ला भी थे सवार
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।