
Noida Nikki Murder Case News: नोएडा का बहुचर्चित निक्की मर्डर केस हर दिन नए-नए खुलासों से भरता जा रहा है। सोशल मीडिया स्टार और सफल ब्यूटी पार्लर मालकिन निक्की की मौत के पीछे कई रहस्यमय राज छिपे हैं। एक तरफ पीड़िता के परिजन इसे साजिशन हत्या बता रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ पति विपिन भाटी और उसके परिजन इसे आत्महत्या का मामला साबित करने पर तुले हैं।
निक्की के पिता के अनुसार, उनकी बेटियां मेहनत से ब्यूटी पार्लर चला रही थीं और इंस्टाग्राम के जरिए बुकिंग लेकर महीने में लगभग ₹1 लाख कमा रही थीं। शुरुआत में ससुरालवालों को यह कमाई पसंद आई, लेकिन जब सोशल मीडिया पर उनकी पहचान और लोकप्रियता बढ़ी, तब माहौल बदलने लगा। यह सफलता ही धीरे-धीरे तनाव का कारण बन गई।
परिजनों का आरोप है कि निक्की के पति विपिन भाटी की शराब की लत बढ़ती चली गई। विपिन को एक अन्य महिला के साथ पकड़े जाने और परिजनों द्वारा पिटाई की घटना ने रिश्तों में और खटास डाल दी। यहां तक कि पिछले साल अक्टूबर में उसे रिहैब सेंटर भेजा गया था, लेकिन आदतें नहीं बदलीं। निक्की कुछ समय मायके में रही, लेकिन विपिन के बदलने के वादे पर वापस चली गई।
यह भी पढ़ें…Nikki Murder Case: पति विपिन, जेठ, सास और ससुर गिरफ्तार, जानिए अब तक क्या-क्या हुआ?
निक्की के पिता भिखारी सिंह का कहना है कि उनके दामाद कुछ काम नहीं करते थे जबकि दोनों बेटियां अपने बच्चों को हाईएजूकेशन से लेकर सारी सुविधाएं देना चाहती थीं। इसीलिए हमने खुद डेढ़ लाख रुपए देकर बेटियों से ब्यूटी पार्लर शुरू करके अपनी गृहस्थी चलाने को कहा था। उनकी बेटियां मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफल हो रही थीं, लेकिन ससुराल वालों के लिए उनकी पहचान और कमाई एक चुनौती बन गई। उन्होंने कहा, “उन्हें कमाई पसंद थी, लेकिन सफलता स्वीकार नहीं कर पाए।”
इस केस में अब तक पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है-पति विपिन भाटी, ससुर, देवर और सास। इसके बावजूद सवाल बरकरार हैं: क्या यह वाकई आत्महत्या थी या निक्की को किसी साजिश के तहत मौत के घाट उतारा गया?
निक्की और उनकी बहन कंचन का इंस्टाग्राम पेज 59,000 से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ लोकप्रिय था। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल हो रहे थे। अब यही अकाउंट न्याय की मांग और इस केस की गुत्थी सुलझाने का प्रतीक बन गया है।
नोएडा पुलिस की जांच जारी है। परिजनों के आरोप, सोशल मीडिया पर बहस, और हर दिन सामने आते नए राज़ इस केस को और पेचीदा बना रहे हैं। यह सवाल अब भी लोगों के मन में है--निक्की की मौत किसकी वजह से हुई?
यह भी पढ़ें… Nikki Murder Case: लग्जरी कारें, पॉलिटिकल लिंक और वायरल वीडियो: विपिन भाटी का काला सच
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।