ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच पंकज चौधरी को मिली UP भाजपा की कमान, 2027 चुनाव की रणनीति तय

Published : Dec 15, 2025, 10:15 AM IST
Pankaj Chaudhary UP president BJP Sanghatan Parva

सार

ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच सांसद पंकज चौधरी भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चुने गए। लखनऊ में हुए संगठन पर्व में योगी आदित्यनाथ, पीयूष गोयल सहित वरिष्ठ नेताओं ने 2027 चुनाव की तैयारी का आह्वान किया।

लखनऊ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूलों की वर्षा और भाजपा जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के नारों के बीच महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और प्रदेश भर से आए हजारों भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे।

लखनऊ में संपन्न हुआ भाजपा का संगठन पर्व और निर्वाचन कार्यक्रम

भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी परिषद का निर्वाचन राजधानी लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में संपन्न हुआ। लंबे इंतजार के बाद जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हुई, पूरा सभागार भाजपा जिंदाबाद, मोदी-मोदी और योगी-योगी के नारों से गूंज उठा। प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पंकज चौधरी का स्वागत किया। सभागार भारत माता की जय और पंकज चौधरी के अभिनंदन के नारों से लगातार गूंजता रहा।

नई प्रदेश कार्यकारिणी के 120 सदस्यों की घोषणा

केंद्रीय पर्यवेक्षक पीयूष गोयल ने इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी के नव निर्वाचित 120 सदस्यों के नामों की घोषणा की। इन नामों की घोषणा होते ही उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह और उल्लास देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन और नई कार्यकारिणी के गठन से कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया है, जो आगामी विधानसभा चुनावों में संगठन की मजबूती के रूप में दिखाई देगा।

वंदेमातरम् और महापुरुषों को नमन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम् के सामूहिक पाठ से हुई। इसके बाद श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।

केशव प्रसाद मौर्य का संबोधन: “पंकज यानी कमल”

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमें प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज यानी कमल मिला है, जो हम सभी के लिए सौभाग्य का संकेत है। उनके इस वक्तव्य का पार्टी कार्यकर्ताओं ने तालियों और भाजपा जिंदाबाद के नारों के साथ स्वागत किया।

पीयूष गोयल ने बताया पंकज चौधरी को “पंचायत से पार्लियामेंट का प्रतीक”

केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक पीयूष गोयल ने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पंचायत से पार्लियामेंट तक की यात्रा का प्रतीक बताया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को याद करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष का पद प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि परीक्षा का पद होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार रहने और संगठनात्मक दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।

पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और भाजपा को मिल रही निरंतर सफलता के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के साथ लखनऊ में बिताए गए संस्मरण भी साझा किए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आह्वान: 2027 की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता

पीयूष गोयल के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह को संबोधित किया। उन्होंने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को बधाई दी और अपने ओजस्वी भाषण से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। मुख्यमंत्री ने भाजपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी को और मजबूत बनाना है।

उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को संगठित होकर नए कप्तान पंकज चौधरी के नेतृत्व में कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही विपक्ष के छल-छद्म से सतर्क रहने की बात कही और मजबूत संगठन व नेतृत्व को जीत की कुंजी बताया।

“मेरा बूथ सबसे मजबूत” को बनाए मूल मंत्र: योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेरा बूथ सबसे मजबूत” के नारे को मूल मंत्र बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में गंभीरता से जुड़ने और अपने-अपने बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने 25 दिसंबर को लखनऊ में नव निर्मित प्रेरणा स्थल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

पंकज चौधरी का संबोधन: संगठन, संवाद और समन्वय पर जोर

नव निर्वाचित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष चुना जाना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सफलता में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का माध्यम होते हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि उनका मूल मंत्र संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय है। उनके अनुसार नेतृत्व का अर्थ आदेश देना नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलना है।

कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का संकल्प

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सभी के सहयोग से भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य मंत्री, सांसद और विधायक पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे, उनका उत्साह बढ़ाया और सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

बिहार चुनाव में जीत के बाद यूपी पर चिराग पासवान की नजर, 2027 चुनाव का ऐलान
कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनेगा स्टार्टअप ग्रोथ का नया इंजन, बदलेगा यूपी