Maha Kumbh 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेला (Maha Kumbh 2025) में मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2 बजे भगदड़ मच गई। इसके चलते 30 लोगों की मौत हो गई। भगदड़ के बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंचे और घायलों को कुंभ के सेक्टर 2 में बने अस्पताल में भर्ती कराया गया।

01:07 PM (IST) Jan 29
मौनी अमावस्या के अवसर पर दूसरे अमृत स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पर संत पहुंच रहे हैं। इस बार संत छोटे-छोटे जुलूसों के साथ आ रहे हैं। भगदड़ के चलते बड़े जुलूस नहीं निकाले गए हैं।
11:56 AM (IST) Jan 29
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ मेला में मची भगदड़ में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है।
10:48 AM (IST) Jan 29
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेडिंग लांघने की कोशिश में कुछ श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं। प्रधानमंत्री अब तक चार बार स्थिति का जायजा ले चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी लगातार स्थिति की रिपोर्ट ले रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। श्रद्धालुओं से अपील है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पूरे कुंभ क्षेत्र में घाट बनाए गए हैं, श्रद्धालुओं को सिर्फ संगम नोज की ओर जाने की जरूरत नहीं है।
09:46 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ मेला 2025 में भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने प्रयागराज आ रही कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया है। कुंभ मेला के लिए चलाई गईं स्पेशल ट्रेनों को अगले आदेश तक के लिए रद्द किया गया है।
09:43 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ मेला 2025 में भगदड़ मचने के बाद भीड़ पर नजर रखने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। हेलीकॉप्टर के नोज पर कैमरा लगाया गया है। इसका लाइव फुटेज कंट्रोल रूम तक जाता है।
08:58 AM (IST) Jan 29
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार महाकुंभ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने भगदड़ मचने के बात तीसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। पीएम ने स्थिति सामान्य करने और राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
08:09 AM (IST) Jan 29
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ मेला आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी घाट पर ही स्नान करें। संगम नोज की ओर जाने की कोशिश नहीं करें। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उनका सहयोग करें। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
08:03 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में मची भगदड़ के बाद सभी 13 अखाड़ों ने मौनी अमावस्या पर होने वाले अमृत स्नान को रद्द करने का फैसला किया था। अब इसमें बदलाव किया गया है। अखाड़ा परिषद ने अपना निर्णय बदला है। कुछ देर में अखाड़े अमृत स्नान कर सकते हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी ने कहा है कि भीड़ छटने और प्रशासन द्वारा उचित प्रबंध किए जाने के बाद अखाड़े अमृत स्नान करेंगे। इसके लिए छोटे जुलूस निकाले जाएंगे।
07:47 AM (IST) Jan 29
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाकुंभ मेले में मची भगदड़ को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। उन्होंने उन्हें केंद्र की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
06:24 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में भगदड़ मचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। पीएम ने भगदड़ को लेकर जानकारी ली है और राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
06:08 AM (IST) Jan 29
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी जी महाराज ने कहा कि भगदड़ के चलते सभी अखाड़ों ने निर्णय लिया है कि आज अमृत स्नान नहीं करेंगे। हमलोग अब बसंत पंचमी को अमृत स्नान करेंगे। भीड़ बहुत है। भगदड़ मची है। अखाड़े निकलते तो लोग देखने के लिए जुटते। इससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इसके चलते हमने अमृत स्नान नहीं करने का फैसला किया है।
05:47 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में भगदड़ से करीब 14 लोगों के मारे जाने की खबर मिली है। प्रशासन द्वारा अभी इसकी पुष्टी नहीं की गई है। कितने लोग घायल हुए हैं इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
05:33 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में भगदड़ मचने के चलते अमृत स्नान नहीं होगा। सभी 13 अखाड़ों ने अमृत स्नान रद्द कर दिया है।
05:29 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में भगदड़ मचने के बाद बहुत से लोग अपने परिजनों से बिछड़ गए हैं। घायलों का इलाज महाकुंभ सेक्टर 2 के अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल के बाहर भीड़ जुटी है।
05:24 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में मची भगदड़ के चलते NSG कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया है। संगम नोज क्षेत्र को सील किया गया है। यहां सिर्फ साधु संत स्नान कर सकते हैं। अखाड़ों ने फिलहाल शाही स्नान स्थगित कर दिया है। मौके पर हालात सामान्य, लेकिन भीड़ ज्यादा है। प्रयागराज में लोगों की एंट्री बंद कर दी गई है। सीमा वाले सभी जिलों में पुलिस बल को श्रद्धालुओं को रोकने के लिए मुस्तैद कर दिया गया है।
05:05 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में भगदड़ के चलते शाही स्नान रोका गया है। अखाड़ों ने सुबह का अमृत स्नान फिलहाल स्थगित किया है। जो आखाड़े अमृत स्नान के लिए निकल गए थे वे लौट रहे हैं।
05:01 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ में भगदड़ पर विशेष कार्याधिकारी आकांक्षा राणा ने कहा, "त्रिवेणी संगम नोज पर कुछ बैरियर टूटने से भगदड़ जैसी स्थिति हो गई। इसके चलते कुछ लोग घायल हुए हैं। उनका अभी इलाज चल रहा है। अभी कोई ऐसी गंभीर स्थिति नहीं है। सबका इलाज चल रहा है। अभी किसी की मौत की खबर नहीं है। सभी का इलाज चल रहा है।"
04:43 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ मेला में भगदड़ जैसी स्थिति पोल नंबर 11 और 17 के बीच हुई। यह संगम नोज के पास है। मौनी अमावस्या पर प्रयागराज के पवित्र त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के लिए 10 करोड़ से अधिक लोग पहुंचे हैं। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और अतिरिक्त पुलिस तैनाती के बावजूद भगदड़ मच गई।
04:41 AM (IST) Jan 29
महाकुंभ 2025 में आज मौनी अमावस्या के अवसर पर शाही स्नान है। इसके चलते जन सैलाब उमड़ पड़ा है। भीड़ बढ़ने के चलते मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे भगदड़ मच गई। इसके चलते 7 लोग घायल हुए हैं। उन्हें एम्बुलेंस की मदद से कुंभ सेक्टर 2 के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।