
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को अयोध्या पहुंचकर हनुमानगढ़ी में संकट मोचन हनुमान के दर्शन-पूजन किए। दोनों नेताओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
हनुमानगढ़ी से दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला मंदिर और राम दरबार में विधिवत हाजिरी लगाई। दोनों नेताओं ने आरती उतारी, मंदिर की परिक्रमा की और देश-प्रदेश की उन्नति व जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार सुबह अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता हनुमानगढ़ी के लिए रवाना हुए।
श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दर्शन के बाद रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार और श्रीराम जयघोष के बीच मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर विधिवत धर्मध्वजा का आरोहण किया। इस अवसर पर पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
राम दरबार में दर्शन-पूजन के बाद जब दोनों नेता मंदिर परिसर से बाहर निकले तो श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ हिलाकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। पूरे परिसर में आस्था, उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।