EXCLUSIVE: बाबरी मस्जिद केस के मुद्दई इकबाल अंसारी बोले- राम मंदिर बनने से खुश हूं, प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाऊंगा

राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले (Ram Janmabhoomi Babri Masjid case) के मुद्दई इकबाल अंसारी ने कहा है कि वह राम मंदिर बनने से खुश हैं। वह मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाएंगे।

 

Vivek Kumar | Published : Jan 21, 2024 8:29 AM IST / Updated: Jan 21 2024, 02:16 PM IST

अयोध्या। राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले (Ram Janmabhoomi Babri Masjid Case) के मुद्दई इकबाल अंसारी ने राम मंदिर (Ram Mandir) बनने पर खुशी व्यक्त की है। वह इस बात से प्रसन्न हैं कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Pran Pratishtha) समारोह के लिए उन्हें भी निमंत्रण मिला है। एशियानेट न्यूज नेटवर्क के सुवर्णा के न्यूज एडिटर अजीत हनामक्कनवर ने साथ खास बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं समारोह में शामिल होने जाऊंगा। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम आदित्यनाथ योगी ने अयोध्या में विकास की गंगा बहाई है।

अयोध्या में राम मंदिर बनने पर क्या कहेंगे?

इकबाल अंसारी: "अच्छी बात है। अयोध्या धर्म की नगरी है। मंदिर बनकर तैयार है। केस चार साल पहले खत्म हो गया। 9 नवंबर 2019 को फैसला आया था। पूरे देश के मुसलमानों ने सम्मान किया। एक पत्ता नहीं हिला था, कहीं धरना-प्रदर्शन नहीं। आज चार साल बीत चुका है। मंदिर बनकर तैयार है। सभी लोगों में खुशी है। अयोध्या के लोग खुश हैं। देश-विदेश के लोग खुश हैं। लोग दर्शन करने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री जी प्राण प्रतिष्ठा की पूजा करने वाले हैं। तमाम मेहमान आए हुए हैं। अयोध्या में गंगा-यमुना तहजीब है। हर जाति और धर्म के लोग यहां बसते हैं। सभी में खुशी की लहर है। हम भी खुश हैं। हिंदुओं की आस्था है कि भगवान राम यहीं पैदा हुए थे। भगवान अगर यहीं पैदा हुए थे तो ठीक है आप मंदिर बना लो। हमने भी वहां 450 साल तक नमाज पढ़ी थी।"

फैसला आया तब कैसे लगा?

इकबाल अंसारी: "हमलोगों ने भी उसका सम्मान किया था। पूरे देश के मुसलमानों ने सम्मान किया था। कहीं एक पत्ता भी नहीं हिला।"

आप किस पक्ष में थे? वहां मंदिर नहीं बनना चाहिए था या बगल में मंदिर बनना चाहिए था।

इकबाल अंसारी: "देखिए सवाल यह है कि मंदिर बन गया है। पूजा पाठ होने जा रही है। सभी लोग खुश हैं। पुराने जमाने की बात खत्म हो गई। पहले लोग साइकिल चलाते थे अब लोग हवाई जहाज से चलते हैं।"

जिस दिन नरेंद्र मोदी आए थे आप भीड़ में खड़े थे।

इकबाल अंसारी: "नरेंद्र मोदी हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं। हमारे शहर, हमारे मोहल्ले में आए। आए हुए मेहमानों का स्वागत करना हमारा धर्म और फर्ज है। जो हमारा फर्ज था उसे निभाया।"

22 तारीख को आपको आमंत्रण है। जाएंगे?

इकबाल अंसारी: "बिल्कुल जाएंगे। हमको आमंत्रण मिला है। हमारे मोहल्ले की बात है। हम खुश हैं।"

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष को 5 एकड़ जमीन दी गई थी। वहां क्या मस्जिद बन रहा है?

इकबाल अंसारी: "पांच एकड़ जमीन सुन्नी वक्फ बोर्ड को मिली है। जफर फारुकी उसके चेयरमैन हैं। उन्होंने अपना ट्रस्ट बना रखा है। वहां एक बोर्ड लगा रखा है। रेडियो-टीवी पर वह नक्शा दिखाते रहते हैं। मस्जिद कब बनाएंगे वो उनकी जिम्मेदारी है। वो हमारी जिम्मेदारी नहीं है।"

यह भी पढ़ें- राम लला प्राण प्रतिष्ठा: घर पर कैसे करें राम पूजा? पूजन विधि के इन 21 स्टेप्स को याद कर लें...

राम मंदिर निर्माण को लेकर अयोध्या के मुसलमान क्या सोचते हैं?

इकबाल अंसारी: अयोध्या के हिंदू-मुसलमान के लिए पहले भी कोई विवाद नहीं था। मंदिर बनकर तैयार है। अयोध्या में विकास हो रहा है, यह अच्छी बात है। एयरपोर्ट बन गया है, रेलवे स्टेशन बन गया है। लोगों के मकान तक रंगे गए, जो टूटे-फूटे थे उनकी मरम्मत की गई। अयोध्या में विकास की गंगा बह रही है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम आदित्यनाथ योगी की देन है। सरकार सबका विकास कर रही है। अच्छी बात है।"

यह भी पढ़ें- 45 दिनों में 2500 करोड़ रुपए: जानें कैसे 10 करोड़ लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए दिया दान?

 

Read more Articles on
Share this article
click me!