
09 जनवरी, महाकुंभनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य महाकुम्भ की परिकल्पना को साकार करते हुए पुलिस ने दस डिजिटल खोया पाया केंद्रों की स्थापना की है। डिजिटल खोया पाया केंद्रों में वेटिंग रूम भी रहेंगे। इसके साथ ही चिकित्सीय सुविधाओं के लिए अलग से मेडिकल रूम बनाया गया है। महिलाओं और बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट एरिया की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सभी केंद्रों में 55 इंच का एलईडी स्क्रीन लगाया गया है। इसे पब्लिक एड्रेस सिस्टम से कनेक्ट किया गया है। खोए-पाए सामान और व्यक्तियों के बारे में लाइव जानकारी दी जाएगी। इतना ही नहीं इन केंद्रों पर महाकुम्भ से संबंधित घाटों और मार्गों के बारे में सारी व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी जाएगी।
एडीजी जोन भानु भास्कर ने बताया कि महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उनके आने-जाने और स्नान की सुरक्षित व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सहायता, सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 10 कंप्यूटराइज्ड खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। संगम वापसी मार्ग के पश्चिमी छोर पर स्थित मुख्य मॉडल केंद्र में सामान्य दिनों में 5 कर्मचारी और स्नान पर्व के दौरान 9 कर्मचारी तैनात रहेंगे।
1. सेक्टर-04: मुख्य केंद्र
2. सेक्टर-03: अक्षयवट पंडाल
3. सेक्टर 03: संगम नोज
4. सेक्टर-18: ऐरावत द्वार
5. सेक्टर-23: टेंट सिटी
6. सेक्टर-23: अरैल पक्का घाट
7. सेक्टर-06: प्रमुख घाट
8. सेक्टर-14: बड़ा झूसी घाट
9. सेक्टर-17: संगम क्षेत्र
10. सेक्टर-08: प्रमुख स्नान क्षेत्र
महाकुम्भ में यात्रियों की सहायता के लिए मेला क्षेत्र में पूछताछ केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर महाकुम्भ, प्रयागराज शहर और मेला क्षेत्र से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।