पैरों से चलने वाली आटा चक्की, महाकुंभ 2025 में मचा रही धूम

Published : Jan 17, 2025, 09:38 AM IST
Ghaziabad-engineering-company-Innovative-flour-mill-at-mahakumbh-2025

सार

महाकुंभ 2025 में गाजियाबाद की एक कंपनी की अनोखी आटा चक्की लोगों का ध्यान खींच रही है। यह चक्की पैरों से चलती है और व्यायाम के साथ ताज़ा आटा भी देती है। प्रदर्शनी में लोग इसे देखने और इस्तेमाल करने उमड़ रहे हैं।

महाकुम्भनगर। महाकुम्भ 2025 में ओडीओपी प्रदर्शनी में गाजियाबाद की इंजीनियरिंग कंपनी का एक अनोखा उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहा है। पैरों से चलने वाली यह आटा चक्की, न केवल ताजा आटा तैयार करती है, बल्कि इसे इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति व्यायाम कर फिट भी रह सकता है। श्रद्धालुओं के लिए यह मशीन मुफ्त में आटे की पिसाई कर रही है। मीडिया सेंटर के पास लगी इस प्रदर्शनी में लोग बड़ी संख्या में इस अनोखी चक्की को देखने और इस्तेमाल करने आ रहे हैं। मशीन केवल 20 मिनट में 1 किलो गेहूं, मक्का, ज्वार या बाजरा का महीन आटा तैयार कर देती है।

घर का जिम और आटा पिसाई, एक साथ

इसे घर में एक छोटे जिम की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। मशीन को चलाने के लिए व्यक्ति को पैडल मारने की जरूरत होती है, जिससे शरीर की कसरत भी हो जाती है। गाजियाबाद की कंपनी के एक प्रतिनिधि ने बताया, "यह मशीन खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई है, जिन्हें जिम या योगा के लिए समय नहीं मिलता। महिलाएं इसे घर पर आसानी से चला सकती हैं और ताजा आटे की रोटियां भी बना सकती हैं।"

ऐसे काम करती है मशीन

मशीन को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि जब भी व्यक्ति पैडल मारता है, मशीन में डाला गया कच्चा अनाज पीसकर बाहर आटे के रूप में निकलता है। यह साइकिल जैसी दिखने वाली मशीन बिजली से चलने वाली चक्की का विकल्प है और पर्यावरण के अनुकूल है।

प्रदर्शनी में उमड़ी लोगों की भीड़, जानने को दिखे उत्सुक

ओडीओपी प्रदर्शनी में यह मशीन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। श्रद्धालु इसे देखकर न केवल उत्साहित हैं, बल्कि इसे अपने घर में लगाने की योजना भी बना रहे हैं। मशीन की सरलता और उपयोगिता इसे बाकी प्रदर्शनी के उत्पादों से अलग बना रही है।

गाजियाबाद की इस अनोखी आटा चक्की ने महाकुंभ 2025 में नवाचार और परंपरा के समन्वय का एक नया उदाहरण पेश किया है।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

उत्तर प्रदेश बना ग्लोबल निवेशकों की पहली पसंद, योगी सरकार की नीतियों से बढ़ा अंतरराष्ट्रीय भरोसा
ग्रामीण आजीविका मिशन: मीरजापुर की सुशीला देवी बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल