
देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने शुक्रवार को देवरिया में ₹655 करोड़ की लागत वाली 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार समस्याओं को टालने नहीं, बल्कि उनका समाधान निकालने का काम करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का भरोसा ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी वजह से प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है और यह यात्रा आगे भी लगातार जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने “नए भारत” का स्वरूप देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका कहना था कि जितनी तेजी से सड़क, पुल और एक्सप्रेसवे बनेंगे, उतनी ही तेजी से आम लोगों तक विकास पहुंचेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को निर्देश देते हुए कहा कि कुशीनगर में बन रहे कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और नए शैक्षणिक सत्र से इसे शुरू करने की तैयारी की जाए। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय किसानों को आधुनिक खेती, कम लागत और अधिक उत्पादन की तकनीक उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब वह गोरखपुर से सांसद थे, तब देवरिया तक पहुंचना काफी कठिन होता था। सड़कें खराब थीं, कई जगह सिंगल लेन मार्ग थे और चौरी-चौरा रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे जाम लगते थे। उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। देवरिया फोर लेन कनेक्टिविटी से जुड़ गया है और गोरखपुर तक पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हुआ है। देवरिया से बलिया तक सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देवरिया-कसया फोर लेन मार्ग और बाईपास बनने से यातायात व्यवस्था और मजबूत होगी। यह परियोजना नॉर्थ-साउथ कनेक्टिविटी को भी मजबूती देगी और देवरिया को मऊ, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, वाराणसी और लखनऊ से जोड़ेगी। साथ ही इसका संपर्क गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से भी होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी होता है। अच्छी सड़कें, फ्लाईओवर और पुल ही निवेश और रोजगार की बुनियाद तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि देवरिया से कसया मार्ग, बरहज रोड, फ्लाईओवर और विभिन्न पुलों के निर्माण के लिए सरकार ने धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े हर विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जा रही है और हाल ही में पीडब्ल्यूडी की समीक्षा बैठक में सांसदों और विधायकों से मिले प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ साल पहले तक कोई सोच भी नहीं सकता था कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज बनेगा, लेकिन आज महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नए जिला अस्पताल के निर्माण की दिशा में भी काम शुरू किया जाएगा। साथ ही आईटीआई संस्थानों को केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित न रखकर स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि युवाओं को उद्योगों से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में माफियाओं का दबदबा था। त्योहारों पर उपद्रव, जमीन कब्जाने की घटनाएं और व्यापारियों व बेटियों में डर का माहौल रहता था। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की जगह अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” जैसी योजनाओं ने ले ली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में बेटियां सुरक्षित हैं, व्यापारी बेखौफ होकर कारोबार कर रहे हैं और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को गन्ने का ₹400 प्रति क्विंटल मूल्य दिया जा रहा है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए आर्थिक सहायता मिल रही है। सरकार कृषि योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को बिना भेदभाव प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन और उज्ज्वला योजना का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में देवरिया की जनता ने भाजपा को सभी सात सीटों पर जीत दिलाई थी। इसी समर्थन की वजह से सरकार जिले के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने सलेमपुर, तमकुही, बरहज, रुद्रपुर, पथरदेवा और रामपुर कारखाना समेत सभी क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया और अपराध से होती थी, लेकिन आज प्रदेश विकास और सांस्कृतिक विरासत दोनों का केंद्र बन चुका है। उन्होंने अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य, विंध्यधाम, प्रयागराज और कुशीनगर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण हुआ है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर जनता के समर्थन और डबल इंजन सरकार के संकल्प का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग “जय श्रीराम” कहकर अभिवादन करते हैं और उत्तर प्रदेश की नई पहचान राम, कृष्ण और बाबा विश्वनाथ से जुड़ चुकी है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री Surya Pratap Shahi, परिवहन मंत्री Dayashankar Singh, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद शशांक मणि, विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, विधायक दीपक कुमार मिश्र “शाका”, विधायक जय प्रकाश निषाद, डॉ. रतनपाल सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।