
यूपी स्पोर्ट्स कॉलेज एडमिशन 2026: उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार की खेलोन्मुख नीतियों और आधुनिक सुविधाओं का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। सत्र 2026-27 में प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए रिकॉर्ड संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस बार प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों की कुल 518 सीटों के लिए करीब 2600 छात्रों ने आवेदन किया है। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है। इससे साफ है कि प्रदेश के युवा अब खेलों को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बेहतर करियर के रूप में भी देखने लगे हैं।
प्रदेश के लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, सहारनपुर और फतेहपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इस वर्ष करीब 2600 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि पिछले साल यह संख्या लगभग 1800 थी। आवेदन में हुई इस बड़ी बढ़ोतरी से सरकारी खेल संस्थानों के प्रति युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है।
इस बार चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाया गया है। प्रारंभिक चयन परीक्षा 100 अंकों की रखी गई थी। इसमें 50 अंक फिजिकल टेस्ट और 50 अंक स्किल एवं गेम टेस्ट के लिए निर्धारित किए गए। दोनों परीक्षाओं में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी किया गया है।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य चयन परीक्षा में शामिल किया जाएगा। लखनऊ और कानपुर मंडल में पिछले साल 264 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 393 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्य चयन परीक्षा 3-4 जून और 5-6 जून को आयोजित होगी। इसमें खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की जैविक आयु जांच कराई जाएगी। यह प्रक्रिया अभिभावकों की सहमति से पूरी होगी। इसके बाद प्रमाणपत्र सत्यापन और काउंसलिंग के जरिए सीट आवंटन किया जाएगा। स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगले सत्र में आवेदन संख्या को 3 से 4 गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।