
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 9 वर्षों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पर्यटन क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि राज्य अब ‘ग्रेवयार्ड इकोनॉमी’ से निकलकर ‘टेंपल इकोनॉमी’ की ओर बढ़ चुका है। पहले जहां बजट का बड़ा हिस्सा कब्रिस्तानों की दीवारों पर खर्च होता था, वहीं अब तीर्थस्थलों और पर्यटन विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।
संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या, काशी, प्रयागराज, मथुरा, मिर्जापुर, चित्रकूट, नैमिषारण्य और सहारनपुर के शक्तिपीठ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल अब पर्यटन का मुख्य केंद्र बन चुके हैं। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या 4-5 गुना बढ़ गई है। वहीं अयोध्या में राम मंदिर के कारण 2025 में लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी पर्यटन को बढ़ावा दिया है। अयोध्या के दीपोत्सव में 2025 में 26 लाख से अधिक दीप जलाकर रिकॉर्ड बनाया गया। वाराणसी की देव दीपावली और प्रयागराज के कुंभ, महाकुंभ और माघ मेले ने वैश्विक पहचान बनाई है। महाकुंभ 2025 में रिकॉर्ड 66 करोड़ पर्यटक पहुंचे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिला।
पर्यटन नीति-2022 के लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश में ₹36,681 करोड़ से अधिक का निवेश हुआ है। इससे करीब 5 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है। साथ ही 1,757 पर्यटन इकाइयों का पंजीकरण हुआ है। युवाओं को जोड़ने के लिए ₹40,000 मासिक स्टाइपेंड की व्यवस्था भी की गई है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, झांसी और लखनऊ में पर्यटन पुलिस तैनात की गई है। 850 प्रशिक्षित गाइड नियुक्त किए गए हैं। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 234 गांवों का चयन किया गया है और 2026-27 तक 50,000 होम-स्टे विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश के 16 वन्यजीव क्षेत्रों में इको-टूरिज्म को विकसित किया जा रहा है। साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए ₹1 लाख और सिंधु दर्शन यात्रा के लिए ₹20,000 का अनुदान दिया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश अब घरेलू पर्यटन में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। वर्ष 2025 में राज्य में 1 अरब 56 करोड़ से अधिक पर्यटक आए, जिनमें लगभग 36 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। केवल अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज में ही 116 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार के 9 वर्षों में यह साबित हो गया है कि आस्था और सांस्कृतिक विरासत को आर्थिक विकास में बदला जा सकता है। उत्तर प्रदेश अब आध्यात्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनकर उभर रहा है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।