
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज तभी आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनता है, जब मजबूत संगठन आगे आते हैं और सरकार उनका साथ देती है। उन्होंने फिक्की फ्लो की सराहना करते हुए कहा कि आधी आबादी सशक्त होगी, तभी देश और प्रदेश आत्मनिर्भर बनेंगे। जब महिलाएं विकसित भारत के लक्ष्य के लिए आगे बढ़ेंगी, तो भारत को विकसित होने से कोई नहीं रोक सकता। पुरुषों जितनी ही नहीं, बल्कि कई मामलों में महिलाएं उससे अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित फिक्की फ्लो के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए। उन्होंने फिक्की फ्लो के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि 16 हजार से अधिक प्रोफेशनल महिलाओं का नेटवर्क महत्वपूर्ण है, लेकिन 140 करोड़ की आबादी वाले देश में यह संख्या और बढ़नी चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और तेज़ी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार दी है। उन्होंने जोर दिया कि आधी आबादी को नजरंदाज कर समाज आत्मनिर्भर नहीं हो सकता।
सीएम योगी ने बताया कि साढ़े 8 वर्ष पहले यूपी में कानून व्यवस्था बेहद खराब थी। दंगे, असुरक्षा और अपराध आम थे। सरकार बनने के बाद सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। आज यूपी की कानून व्यवस्था देश में मॉडल के रूप में जानी जाती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के माहौल और पारदर्शी नीतियों के कारण यूपी ने 8 साल में 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव जमीन पर उतर चुके हैं और 5 लाख करोड़ रुपये पर काम जल्द शुरू होगा।
सीएम ने बताया कि 2017 में यूपी में महिला वर्कफोर्स सिर्फ 12–15% थी, जो अब बढ़कर 35–36% हो गई है। यूपी पुलिस में भी महिलाओं की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार तक पहुंच गई है। शिक्षा, आंगनबाड़ी और अन्य क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है। बेसिक शिक्षा में किए गए सुधारों के बाद आज 1.60 करोड़ से अधिक बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं, जिनमें लड़कियों की संख्या ज्यादा है।
सीएम योगी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आंगनबाड़ी, आशा वर्कर और एएनएम ने घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करके प्रदेश को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के समय यूपी में बीसी सखी योजना शुरू की गई, जिसमें हर ग्राम पंचायत में स्थानीय बेटियां बैंकिंग सेवा देने लगीं। आज 57,600 ग्राम पंचायतों में बीसी सखी तैनात हैं और कई महिलाएं 25 हजार से लेकर 1.25 लाख रुपये तक कमा रही हैं।
सीएम ने झांसी की 'बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर' संस्था का जिक्र किया, जिसकी प्रमुख महिला आठवीं पास भी नहीं हैं, लेकिन आज 62 हजार से अधिक महिलाएं उनके साथ जुड़ी हैं। सीएम ने बताया कि लखनऊ, आगरा, काशी और गोरखपुर में भी नए मिल्क प्रोड्यूसर समूह बनाए जा रहे हैं, जिससे हजारों महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
सीएम ने कहा कि रेडिमेड गारमेंट्स सेक्टर में बांग्लादेश की पकड़ कमजोर हो रही है। भारत इस अवसर को पकड़ सकता है। उन्होंने कहा कि फ्लैटेड फैक्ट्री मॉडल के माध्यम से फिक्की फ्लो लाखों महिलाओं को रेडिमेड गारमेंट्स उद्योग से जोड़ सकता है और उन्हें आर्थिक स्वावलंबन दिला सकता है।
योगी जी ने बताया कि यूपी में प्लेज पार्क स्कीम लागू है, जिसमें 10 से 50 एकड़ तक प्राइवेट इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने पर सरकार सब्सिडी देती है। अब तक 12 प्लेज पार्क स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने फिक्की फ्लो से अपील की कि वे एमएसएमई की इस स्कीम का लाभ उठाकर महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि सीएम युवा स्कीम के तहत महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त लोन दिया जा रहा है और आगे चलकर 10 लाख रुपये तक की सुविधा दी जाएगी। इस वर्ष 1.70 लाख नए उद्यमियों को जोड़ने का लक्ष्य है।
सीएम योगी ने कहा कि श्रम कानूनों में बदलाव करके महिलाओं के लिए रात में काम करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। महिलाओं की भागीदारी पुरुषों जितनी ही नहीं, बल्कि कई स्थानों पर उससे अधिक प्रभावी हो सकती है। उन्होंने कहा कि फिक्की फ्लो प्लेज पार्क, रेडिमेड गारमेंट्स, वित्तीय समावेशन और स्किलिंग कार्यक्रमों में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
सीएम ने बताया कि मिशन शक्ति का मकसद महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ाना है। 10 हजार से अधिक महिला बीट अधिकारी गांवों में जाकर महिलाओं से संवाद करेंगी और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी। उन्होंने कहा कि बेटी की सुरक्षा घर और बाहर दोनों जगह सुनिश्चित होनी चाहिए और जरूरत पड़े तो कानून भी मदद करेगा।
सीएम योगी ने कहा कि नर्सिंग सेक्टर में महिलाएं पुरुषों से बेहतर काम कर सकती हैं और इसमें 100% रोजगार की गारंटी है। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है, जैसे—कन्या सुमंगला, मातृ वंदना, स्वामी विवेकानंद डिजिटल स्कीम आदि। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है।
सीएम ने कहा कि यूपी में हजारों एफपीओ और 16 हजार से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं, जिनमें कई महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि फिक्की फ्लो महिलाओं को जोड़कर अपनी 16 हजार सदस्य संख्या को 16 लाख तक ले जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिया कि यूपी सरकार इस अभियान में पूरा सहयोग करेगी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।