Asianet News | Published : Feb 22, 2023 4:14 AM IST / Updated: Feb 22 2023, 01:20 PM IST

UP Budget 2023: 6 लाख 90 हजार करोड़ का बजट किया गया पेश, डिफेंस कॉरिडोर परियोजना के लिए 550 करोड़

सार

लखनऊ: योगी सरकार बुधवार को विधानमंडल में वित्तीय वर्ष 2023-24 में का बजट पेश कर रही है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सुबह 11 बजे विधानसभा पहुंचे और उनके द्वारा इसे पेश किया जा रहा है। यह बजट योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट है। माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर इस बजट के जरिए युवाओं, महिलाओं, किसानों समेत अन्य वर्गों को साधने का प्रयास किया जाएगा। इसी के साथ विकास कार्यों और बुनियादी ढांचों को मजबूत करने को लेकर भी जोर दिया जाएगा।

12:18 PM (IST) Feb 22

जल निकास, सिंचाई परियोजनाओं के लिए भी हुआ ऐलान

वित्तीय वर्ष 2023-2024 में बाढ़ नियंत्रण एवं जल निकास के लिए ₹02,803 करोड़ की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है। मुख्य सिंचाई परियोजना के लिए ₹5,332 करोड़ 50 लाख, मध्यम सिंचाई परियोजना के लिए ₹2,220 करोड़ 20 लाख तथा लघु सिंचाई परियोजनाओं के लिए ₹3,400 करोड़ की बजट व्यवस्था प्रस्तावित हैं। नई उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 के अंतर्गत अगले 05 वर्षों में ₹10 लाख करोड़ का निवेश एवं 20 हजार रोजगार सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

12:10 PM (IST) Feb 22

यूपी में 6 एयरपोर्ट का निर्माण कार्य हो रहा पूर्ण

वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि हमारी सरकार के अब तक के कार्य काल में 04 एयरपोर्ट के निर्माण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 06 एयरपोर्ट्स (अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती, चित्रकूट तथा सोनभद्र) का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो रहा है। लखनऊ विकास क्षेत्र तथा प्रदेश के समस्त विकास प्राधिकरणों के विकास क्षेत्र तथा नगर क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं का विकास तथा वाराणसी एवं अन्य शहरों में रोप-वे सेवा विकसित किये जाने के लिए ₹150 करोड़ की व्यवस्था का प्रस्ताव है।

12:06 PM (IST) Feb 22

6,90,242.43 करोड़ का बजट पेश किया गया

योगी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में 6 लाख 90 हजार 242 करोड़ 43 लाख का बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि देश की जीडीपी में यूपी का बड़ा योगदान है। यूपी देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। बजट में सभी वर्गों को ध्यान में रखकर कई ऐलान किए गए।

12:00 PM (IST) Feb 22

पीएम आवास योजना शहरी शेष भवनों का पूरा कराया जाएगा निर्माण

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के अन्तर्गत वर्तमान में 76 परियोजनाओं में लगभग 48,277 भवन निर्मित किये जा रहे हैं। इनमें से 22,718 भवन पूर्ण किये जा चुके हैं, जबकि अवशेष भवन मार्च, 2023 तक पूर्ण कर लिया जाना लक्षित है।

11:59 AM (IST) Feb 22

धर्मार्थ मार्गों के विकास के लिए हुआ ऐलान

धर्मार्थ मार्गों के विकास के लिए ₹1,000 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है। जबकि प्रमुख/अन्य जिला मार्गो के चौड़ीकरण/सुदृढ़ीकरण तथा नये कार्यो हेतु ₹2,538 करोड़ 80 लाख की व्यवस्था प्रस्तावित है।

11:55 AM (IST) Feb 22

70 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल अवैध अतिक्रमण से मुक्त, 4504 FIR दर्ज

बताया गया कि प्रदेश में अभियान के अंतर्गत अभियान के अन्तर्गत 70 हज़ार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल अवैध अतिक्रमण से अवमुक्त कराया गया है। 23,920 राजस्व वाद, 923 सिविल वाद एवं 4,504 एफआईआर दर्ज करवाई गयी है। प्रदेश में एण्टी भू-माफिया पोर्टल पर अवैध कब्जे से सम्बन्धित 3,41,236 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 3,39,552 शिकायतें निस्तारित की गईं।

11:54 AM (IST) Feb 22

निराश्रित विधावाओं के भरण पोषण के लिए 4032 करोड़ का प्रस्ताव

निराश्रित विधवाओं के भरण-पोषण अनुदान योजनान्तर्गत वर्तमान में 32.62 लाख निराश्रित महिलाओं को पेंशन दी जा रही है। वित्तीय वर्ष 2023-2024 हेतु बजट में ₹4,032 करोड़ की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है। वहीं प्रदेश में कानून एवं शान्ति व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु 03 महिला PAC बटालियन का गठन किया जा रहा है।

11:54 AM (IST) Feb 22

आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लिए 400 करोड़ की व्यवस्था

आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत प्रदेश में 2.34 करोड़ से अधिक लाभार्थी पंजीकृत हो चुके हैं। लाभार्थी परिवारों को प्रति वर्ष ₹05 लाख तक की निःशुल्क चिकित्सा दी जा रही है। योजना के लिए ₹ 400 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है।

11:54 AM (IST) Feb 22

राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के लिए 12631 करोड़

पर्यटन, टेक्सटाइल,MSME सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिये लगभग 25 नीतियां प्रख्यापित की गयी हैं जिनके माध्यम से प्रदेश में समेकित औद्योगिक विकास के लिये एक समग्र पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में अनेक सुधारात्मक कदम उठाए गये हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए ₹12,631 करोड़ और प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना के लिए ₹1,655 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है।

11:49 AM (IST) Feb 22

निर्धन बेटियों की शादी और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लिए भी प्रस्ताव

यूपी बजट 2023 में अन्य पिछड़ा वर्ग के निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी अनुदान योजना के लिए ₹150 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत प्रति लाभार्थी को ₹15 हजार तक की धनराशि से लाभान्वित किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 हेतु ₹1,050 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है। बालिकाओ के प्रति आमजन की सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए संचालित ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ के अंतर्गत प्रति लाभार्थी को ₹15,000 तक की धनराशि से लाभान्वित किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-2024 के लिए ₹1050 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है।

11:45 AM (IST) Feb 22

औद्योगिक गलियारा विकसित किए जाने की भी योजना

वित्तीय वर्ष 2023-2024 के बजट में झांसी लिंक एक्सप्रेस -वे और चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे की नई परियोजनाओं के प्रारम्भिक चरण के लिए ₹235 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ गोरखपुर में औद्योगिक गलियारा विकसित किये जाने के लिए ₹200 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है

11:42 AM (IST) Feb 22

डिफेंस कॉरिडोर परियोजना के लिए 550 करोड़ प्रस्तावित

बताया गया कि बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के साथ डिफेन्स कॉरिडोर परियोजना के लिए ₹550 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है। प्रदेश सरकार की ओर से नई उप्र सूचना प्रौद्योगिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी जनित सेवा नीति-2022 के तहत करीब ₹5000 करोड़ के निवेश का अनुमान है। इससे तकरीबन 50,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 1,00,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने का भी अनुमान है।

11:40 AM (IST) Feb 22

श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षाके लिए आवासीय विद्यालय की होगी स्थापना

ग्रामीण क्षेत्रों में युवा उद्यमियों को एग्रीटेक स्टार्टअप्स की स्थापना के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एग्रीकल्चर एक्सीलरेटर फण्ड के लिए ₹20 करोड़ प्रस्तावित हैं। कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना के तहत कार्य स्थल पर श्रमिक की मृत्यु की दशा में ₹05 लाख, स्थायी दिव्यांगता पर ₹04 लाख एवं आंशिक दिव्यांगता पर ₹03 लाख की सहायता प्रदान किये जाने का प्रावधान है। श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रदेश के प्रत्येक मण्डल में एक-एक आवासीय विद्यालय की स्थापना की गयी है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण नीति के कार्यान्वयन के लिए ₹401 करोड़, स्टेट डाटा सेन्टर के लिए ₹85 करोड़ 89 लाख और उत्तर प्रदेश सूचना प्रौद्योगिकी एवं स्टार्टअप नीति के लिए ₹60 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है।

11:36 AM (IST) Feb 22

विद्यार्थियों टैबलेट और स्मार्टफोन के लिए 3600 करोड़

वित्तमंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानंद सशक्तीकरण योजना के पात्र छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2023- 2024 के बजट में ₹3,600 करोड़ की व्यवस्था की गई है। उप्र स्टार्टअप नीति-2020 के अन्तर्गत कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ऊर्जा, खादी, शिक्षा, पर्यटन, परिवहन आदि क्षेत्रों में स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में 50 इन्क्यूबेटर तथा 7,200 स्टार्टअप्स कार्यरत हैं। गन्ना उत्पादकता में 1,00,875 टन प्रति हेक्टेयर की वृद्धि किसानों की आय में औसतन ₹349 प्रति कुन्तल की दर से ₹34,656 प्रति हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त, गन्ने के साथ अंतःफसली खेती से कृषकों को लगभग 25 प्रतिशत की अतिरिक्त आय हुई।

11:31 AM (IST) Feb 22

2017 से अबतक गन्ना किसानों का करवाया गया रिकॉर्ड भुगतान

वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह गर्व की बात है कि विश्व के सबसे शक्तिशाली 20 देशों के समूह G-20 के सम्मेलन की मेजबानी का गौरव भारत को प्राप्त हुआ है। इसके अंतर्गत प्रदेश के 4 शहरों- लखनऊ, आगरा, वाराणसी एवं ग्रेटर नोएडा में 11 बैठकों का आयोजन होगा। PM आवास योजना ग्रामीण/शहरी के अन्तर्गत आवास निर्माण, शौचालय निर्माण, सूक्ष्म लघु मध्यम उद्योगों की स्थापना, PFMS पोर्टल द्वारा DBT के माध्यम से लाभार्थियों को धनराशि हस्तांतरण करने में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। दुग्ध उत्पादन, गन्ना एवं चीनी उत्पादन तथा एथनॉल की आपूर्ति में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। कृषि निवेशों पर DBT के माध्यम से भुगतान करने वाला देश में उत्तर प्रदेश पहला राज्य है। हमारी सरकार द्वारा लगभग 46 लाख 22 हजार गन्ना किसानों को वर्ष 2017 से अब तक ₹1,96,000 करोड़ से अधिक का रिकार्ड गन्ना मूल्य भुगतान कराया गया, जो वर्ष 2012 से 2017 तक की अवधि में किए गए कुल गन्ना मूल्य भुगतान से ₹86,728 करोड़ अधिक है।

 

11:23 AM (IST) Feb 22

वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने उपलब्धियों का किया जिक्र

यूपी विधानसभा मे बजट पेश करने के दौरान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि हमारा प्रदेश न केवल भारत का सबसे बड़ा उपभोक्ता एवं श्रम बाजार है अपितु गंगा के उपजाऊ मैदानों के किनारे प्रदेश में प्रचुर प्राकृतिक संसाधन भी विद्यमान हैं। उन्होंने बताया कि बेरोजगारी दर घटकर 4.3 प्रतिशत हुई है। यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। हम प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

11:18 AM (IST) Feb 22

यूपी बजट सत्र 2023 के तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू, वित्तमंत्री ने रखी सरकारी की उपलब्धियां

यूपी बजट सत्र 2023 के तीसरे दिन वित्तमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों को सभी के सामने रखा। उन्होंने कहा कि ‘सुधर गई कानून व्यवस्था, उद्योगों की अलख जगी, यूपी बना ग्रोथ इंजन, इस सब पहली दफा समझ, फकत किनारे बैठे-बैठे लहरों से मत सवाल कर, डूब के खुद गहरे पानी में पानी का फलसफा समझ’। 

11:13 AM (IST) Feb 22

'आबादी बढ़ने के साथ आवश्यकताएं और बजट का आकार है बढ़ता'

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि हर साल जो भी सरकार होती है वह अपना बजट पेश करती है। आबादी बढ़ती है तो आवश्यकता भी बढ़ती है और उसी के चलते बजट का आकार भी बढ़ता है। इस बीच उन्होंने अखिलेश यादव को लेकर कहा कि उनके पास काम ही क्या है। वह विपक्ष में है तो उनका काम ही है विरोध करना। जब सत्ता में अखिलेश यादव थे तो उनका बजट भी भारी भरकम था। उस समय विपक्ष में बीजेपी थी तो वह भी बजट को झूठ का पुलिंदा बताती थी।

 

11:09 AM (IST) Feb 22

बजट सत्र में शामिल होने के लिए काली शेरवानी पहनकर पहुंचे सपा के कई विधायक

यूपी बजट सत्र 2023 में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी के कई विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव काली शेरवानी पहनकर विधानसभा पहुंचे। हालांकि इस बारे में जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अच्छे कपड़े पहनना सभी का हक है। यह कोई विरोध नहीं है। 

 

 

11:02 AM (IST) Feb 22

पिछले 6 बजट में किसान और नौजवान को नहीं मिला कुछ: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि सीएम योगी और वित्तमंत्री विपक्ष को यह बताएं कि वन ट्रिलियन इकोनॉमी को लेकर उन्होंने क्या-क्या कदम उठाए हैं। कहीं ऐसा तो नहीं उन्होंने कदम उठाने के लिए जो इंटरनेशनल कंपनी को हायर किया है उसके कदम ऐसे हो जिससे यह लक्ष्य पूरा न हो पाए। हर बजट बड़ा और ऐतिहासिक होता है। वन ट्रिलियन डालर की इकोनॉमी के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं यह बताया जाए। यूपी के अभी तक जो 6 बजट आए हैं उसे देखकर ऐसा नहीं लगता है कि जिससे किसान, नौजवान के लिए बड़े फैसले लिए हो। अगर बड़े फैसले लिए गए होते तो पता नहीं प्रदेश कहां पहुंच गया होता।

10:57 AM (IST) Feb 22

यूपी के विकास में काफी अहम होगा यह बजट: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

बजट यूपी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। बजट सर्वग्राही और सर्वस्पर्शी होगा। हम सर्वसमाज को लेकर चलेंगे। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम होगा। आम आदमी को महसूस होगा कि यह बजट उनके लिए है। विपक्ष पूरी तरह से डिरेल्ड है। यूपी की जनता इन नेताओं को कभी भी माफ नहीं करेगी। आज यूपी को आर्थिक मोर्चे पर नंबर वन लाने की हो रही है। जिन लोगों ने प्रदेश के अमन चौन को छीना है उनकी बातों को तरजीह न दें।

10:40 AM (IST) Feb 22

'जनता को खुश और विपक्षी मित्रों को निराश करने वाला होगा बजट'

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बजट शानदार होगा। जैसी उम्मीद की जा रही है उससे काफी बेहतर होगा। निवेश के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में जो प्रस्ताव आए हैं उन्हें बल प्रदान करने वाला होगा। बीमारू राज्य से विकासित राष्ट्र और विकसित प्रदेश बन सके ऐसा यह बजट होगा। यूपी की जनता को खुश करने और विपक्षी मित्रों को निराश करने वाला यह बजट होगा।

 

10:34 AM (IST) Feb 22

बजट पेश करने से पहले हुई कैबिनेट की बैठक

बजट 2023-24 को पेश करने से पहले सीएम योगी की अध्यक्षता में बैठक की गई। इस बैठक में प्रदेश सरकार के तमाम मंत्री मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी भी यहां पर रही।

 

10:12 AM (IST) Feb 22

वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने किया पूजा-पाठ

योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने घर में पूजा-पाठ किया। उन्होंने कहा कि यह बजट सभी वर्गों के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि युवा आगे बढ़े, किसानों को और ज्यादा मजबूती देने और महिलाओं को पूरी तरह सम्मान मिले इसके लिए योगी सरकार का दूसरा बजट आ रहा है। हमारा जोर विशेष रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहेगा।

 

09:44 AM (IST) Feb 22

बजट का अनुमानित आकार 7 लाख करोड़ होने की उम्मीद

बजट के जरिए सरकार प्रदेश में अर्थव्यस्था को एक ट्रिलियन डालर का आकार देने के उद्देश्य से आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से प्राप्त निवेशों को धरातल पर उतारने के लिए संसाधन भी जुटाएगी। इसी के साथ भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र में हुई घोषणाओं को पूरा करने के लिए भी बजट में खास इंतजाम देखा जा सकता है। इसी के साथ कई नई योजनाओं को लेकर भी ऐलान संभव है। इस बजट का अनुमानित आकार सात लाख करोड़ रुपए का होने की उम्मीद है। ज्ञात हो कि पिछली बार सरकार ने मूल बजट 6.15 लाख करोड़ रुपए का पेश किया था। जबकि अनुपूरक बजट 33769 करोड़ का था।