उत्तराखंड में चुनाव प्रणाली पर बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, 7 देशों के 400 से ज्यादा प्रतिभागी होंगे शामिल

Published : Jul 23, 2026, 11:52 AM IST
model standards for electoral observer conference

सार

देहरादून में 24 जुलाई को चुनाव प्रेक्षक प्रणाली पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इसमें 7 देशों के प्रतिनिधि, 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ और 400 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल होंगे।

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, उत्तराखंड की ओर से 24 जुलाई को देहरादून में एक दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन का विषय "मॉडल स्टैंडर्ड्स फॉर इलेक्टोरल ऑब्जर्वर" रखा गया है। इसमें भारत के साथ-साथ कई देशों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार भारती, स्टेट पुलिस ट्रेनिंग के नोडल आईजी अनंत शंकर ताकवले, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, देहरादून और हरिद्वार के जिलाधिकारी तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ अलग-अलग तकनीकी सत्रों में अपने विचार और शोध प्रस्तुत करेंगे।

'मॉडल स्टैंडर्ड्स फॉर इलेक्टोरल ऑब्जर्वर' पर होगा गहन विचार-विमर्श

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत यह एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, देहरादून में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रेक्षक (Electoral Observer) की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना और उसे अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा व्यावहारिक बनाने के लिए एक मजबूत अकादमिक एवं नीतिगत मंच तैयार करना है।

चुनाव प्रेक्षक प्रणाली को मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस

सम्मेलन में चुनाव प्रेक्षकों के लिए मॉडल मानकों (Model Standards) को बेहतर तरीके से समझने और विकसित करने पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, विधि विशेषज्ञों, मीडिया प्रतिनिधियों और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभव, शोध और सुझाव साझा किए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार का संवाद भविष्य में निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

सात देशों के प्रतिनिधियों ने कराया पंजीकरण

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अब तक संयुक्त राज्य अमेरिका, रोमानिया, आयरलैंड, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, हंगरी और नेपाल की चुनाव प्रबंधन संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपना पंजीकरण कराया है। इन देशों के विशेषज्ञ चुनाव प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे भारतीय निर्वाचन प्रणाली को वैश्विक दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिलेगा।

20 से अधिक विश्वविद्यालयों के 400 से ज्यादा प्रतिभागी होंगे शामिल

सम्मेलन में देश के 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के शिक्षाविद, शोधार्थी और विभिन्न संकायों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम में 400 से अधिक प्रतिभागी हाइब्रिड मोड के माध्यम से भाग लेंगे। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी और दून यूनिवर्सिटी सहित कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर अपने शोध और विचार प्रस्तुत करेंगे।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Uttarakhand News: CM पुष्कर सिंह धामी ने लॉन्च की 'सेवा विधि', सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा मार्गदर्शन
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के दूसरे चरण की शुरुआत, एकल महिलाओं को धामी सरकार का बड़ा तोहफा