जादुंग गांव: क्या खोया हुआ इतिहास फिर लिखा जाएगा?

Published : Feb 25, 2025, 02:29 PM IST
CM Pushkar Dhami

सार

उत्तराखंड के सीमांत जादुंग गांव का कायाकल्प शुरू! पुराने घरों का पुनर्निर्माण, उत्सव मैदान, व्यू पॉइंट और भी बहुत कुछ। क्या पर्यटन से जागेगा ये सोया हुआ गांव?

देहरादून, 24 फरवरी। उत्तरकाशी के सीमांत जादुंग गांव की कायाकल्प के प्रयास तेज हो गए हैं। राज्य सरकार पिछले वर्ष से ही जादुंग गांव की सूरत बदलने के लिए जुटी हुई है। शीतकाल की वजह सेे बंद किए गए निर्माण कार्य दो महीने बाद फिर से शुरू करने की तैयारी है। कोशिश ये ही है कि इस वर्ष जादुंग गांव में सुखद बदलाव की तस्वीर नजर आनी चाहिए।

वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद से उत्तरकाशी जिले का सीमांत गांव जादुंग वीरान था। पिछले वर्ष से यहां छाई खामोशी टूटने लगी है। राज्य सरकार ने इस गांव को पर्यटन गांव के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) को कार्यदायी संस्था नियुक्त किया गया है, जिसने वहां पर काम शुरू कर दिया है। जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा के अनुसार-सीमांत गांव जादुंग में शीतकाल की वजह से जिन निर्माण कार्यों को रोका गया था, उन्हें दो महीने बाद फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

छह घरों का पुनर्निर्माण, आठ का प्लान तैयार

-पहले चरण में जीएमवीएन ने जादुंग गांव में छह जीर्ण-शीर्ण घरों के पुनर्निर्माण पर फोकस किया है। इसके लिए वहां पर 19 सितंबर 2024 से कार्य शुरू कराया गया। चार घरों को पूरी तरह से ध्वस्त करने के बाद उनके पुनर्निर्माण का काफी काम हो गया है। इस कार्य के लिए 365. 33 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, इसमें से शासन स्तर पर 146 लाख रूपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। इसी तरह, वहां पर आठ अन्य भवनों के पुनर्निर्माण के लिए 493.36 लाख रूपये का आगणन तैयार किया गया है। तकनीकी परीक्षण कर लिया गया है और आय-व्यय समिति का अनुमोदन भी प्राप्त हो गया है। जल्द ही शासन स्तर से प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिलने की संभावना है।

उत्सव मैदान के बनने के बाद लौटेगी रौनक

-जादुंग गांव की रौनक लौटाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में वहां पर उत्सव मैदान बनाया जाना है। कार्यदायी संस्था ने इसके लिए 997.31 लाख रूपये का आगणन तैयार किया है। इसी तरह, भेरोंघाटी जादुंग मोटर मार्ग पर हिंडोलीगाड़ में कारवां पार्क के विकास के लिए 999.89 लाख रूपये का आगणन तैयार किया गया है।

प्रवेश द्वार, चैक पोस्ट और व्यू प्वाइंट भी

-जादुंग गांव में प्रवेश द्वार व चैक पोस्ट निर्माण का काम अप्रैल 2025 से शुरू होने जा रहा है। इस कार्य के लिए 91.38 लाख रूपये अवमुक्त किए गए हैं। टैंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके अलावा, भैंरोंघाटी जादुंग मोटर मार्ग पर गर्तांग गली के सामने स्थित हवा बैंड में व्यू प्वाइंट बनाने के लिए 50. 43 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह, भैंरोंघाटी जादुंग मोटर मार्ग पर श्रीकांठा पर व्यू प्वाइंट के लिए 66 लाख रूपये मंजूर किए गए हैं। इन दोनों ही कार्यों के लिए टैंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब अप्रैल-मई से काम शुरू होना है।

-सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य सरकार गंभीरता से काम कर रही है। जादुंग गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए कार्य शुरू किया गया है। हमारी यही कोशिश है कि सीमांत गांव जादुंग पर्यटन के मानचित्र में प्रभावी ढंग से उभरकर सामने आए।

-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Recommended Stories

Uttarakhand Census 2027: 1 दिसंबर से शुरू होगी जनगणना, 16 नवंबर से खुद दे सकेंगे जानकारी
Char Dham Helicopter Services: DGCA के नए नियम के बाद सहस्रधारा से उड़ानें ठप