
Mansa Devi Temple Stampede: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह मची भगदड़ के चलते 6 लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। पहले जानकारी सामने आई कि बिजली का झटका लगने से भगदड़ मची। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों ने इन खबरों को खारिज किया है।
मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि मंदिर की ओर आ रहे श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक श्रद्धालु फिसल गया था। इसके चलते भगदड़ मची। न्यूज एजेंसी एएनआई से पुरी ने कहा, "सुबह मुझे सूचना मिली कि सीढ़ी वाले रास्ते पर हादसा हुआ है। मनसा देवी मंदिर आने के तीन रास्ते हैं। एक रोपवे मार्ग है, दूसरा मार्ग है जहां से बाइक आते हैं। तीसरा रास्ता सीढ़ी वाला है। यह प्राचीन रास्ता है, जो सीधे हर की पौड़ी से सीधे मनसा देवी मंदिर आता है।"
"आज अचानक से भीड़ आ गई। बहुत भीड़ हो गई थी। उसी समय पुलिस को सूचना दी गई। पूरी पुलिस फोर्स यहां पहुंची। हमने बैरिकेटिंग लगाई। इसके बाद भी भीड़ ऊपर आ गई। किसी व्यक्ति का पैर फिसल गया। इसके चलते हादसा हुआ। क्योंकि यह सीढ़ी है। एकदम चढ़ाई का मार्ग है। यहां एक गिरा और हल्ला हुआ तो कई लोग गिर गए। घटना के बारे में पता चलने पर मंदिर प्रशासन के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। करंट लगने वाली बात नहीं है।"
यह भी पढ़ें- Mansa Devi Temple Stampede: मनसा देवी से लेकर महाकुंभ तक... साल 2025 की घटनाएं बना रही डर का माहौल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपए की मदद मिलेगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। सीएम धामी ने कहा, "एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है। मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायलों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।"
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।