
उत्तराखंड की रेलवे कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन को राष्ट्र को समर्पित किया। देहरादून स्थित इस स्टेशन का करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है। उद्घाटन के दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस किया गया है, वहीं इसकी डिजाइन में दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता दी गई है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को शामिल कर आधुनिकता और स्थानीय संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनों ने देश की रेल व्यवस्था को नई पहचान दी है।
यह भी पढ़ें: 10 और 20 रुपए के नोट बदलने की तैयारी! जानिए उनकी जगह RBI क्या ला सकता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों तक रेल पहुंचाने का सपना तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। इसके पूरा होने से राज्य में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड को पहले ही दो वंदे भारत ट्रेनों का लाभ मिल चुका है, जिससे राज्य आने वाले यात्रियों और पर्यटकों की यात्रा अधिक सुविधाजनक हुई है।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट दिया है। वहीं राज्य में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन केवल एक आधुनिक स्टेशन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और राज्य में रेलवे नेटवर्क के विस्तार के साथ आर्थिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें: यहीं बनी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, 71 साल से रेलवे का भविष्य बदल रही है यह फैक्ट्री
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।