उत्तराखंड बनेगा ‘खेलभूमि’, CM धामी ने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की रखी नींव; खिलाड़ियों को मिली बड़ी सौगात

Published : Aug 30, 2026, 02:52 PM IST
Uttarakhand News

सार

CM धामी ने हल्द्वानी में क्रीड़ा विश्वविद्यालय का शिलान्यास कर पहले सत्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया और उदीयमान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी गई। 29 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी मिली।

हल्द्वानी: राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय और मानसखण्ड खेल परिसर के प्रथम चरण के ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण और शिक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय के शुरू होने से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अब उच्च स्तरीय खेल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल कर ‘खेलभूमि’ के रूप में पहचान दिलाना है।

उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन अनुशासन, मेहनत और समर्पण की प्रेरणा देता है।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। वर्ष 2024 के लिए एथलेटिक्स की अंकिता को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न और लोकेश चौधरी को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया।

वर्ष 2025 के लिए शूटिंग के अभिनव देशवाल को खेल रत्न, मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य और बॉक्सिंग के मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। दिव्यांग श्रेणी में शूटर शौर्य सैनी को हिमालय रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उदीयमान खिलाड़ियों को DBT से छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति प्रदान की गई। धामी ने कहा कि यह सहायता प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।

2027 राष्ट्रीय खेल और ओलंपिक-2036 पर फोकस

CM धामी ने कहा कि 2027 के राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने और ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

प्रदेश में ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के तहत स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है।

29 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए उत्तराखंड खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट तैयार है, जबकि ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ के जरिए उदीयमान खिलाड़ियों की फिटनेस का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा।

‘खेलभूमि’ बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानी, संसाधनों की कमी या अवसरों का अभाव किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी के सपने में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Pushkar Singh Dhami: बद्रीनाथ में सीएम धामी का अलग अंदाज, जलेबी खाई और किया चांचड़ी डांस
Uttarakhand Thermal Power: 1320 MW बिजली खरीद पर उठे सवालों का सरकार ने दिया जवाब, कहा- सब नियमों के तहत हुआ