Uttarakhand SIR: उत्तराखंड में वोटर लिस्ट अपडेट के लिए बड़ा प्लान, हर जिले को निर्देश

Published : Jul 11, 2026, 10:10 AM IST
Uttarakhand SIR update

सार

उत्तराखंड में SIR अभियान के दूसरे चरण के लिए ERO-AERO विशेष कैंप लगाएंगे। मानसून को देखते हुए मतदाताओं की सुविधा और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए विशेष इंतजाम होंगे।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के मंडलायुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision-SIR) की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अभियान के अगले चरण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

ड्राफ्ट प्रकाशन और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए विशेष तैयारी के निर्देश

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि SIR के आगामी चरणों, जिनमें ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, नोटिस जारी करना तथा दावे और आपत्तियों का निस्तारण शामिल है, उन्हें पूरी पारदर्शिता और सुविधा के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

मानसून को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था होगी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में पहाड़ी जिलों में सड़कें बाधित होने और आवाजाही प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए पहले से ऐसी व्यवस्था बनाई जाए ताकि मतदाता आसानी से नोटिस का जवाब दे सकें और दावे-आपत्तियों की सुनवाई में शामिल हो सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) सुनवाई करेंगे, वहां बिजली, पेयजल, इंटरनेट, स्कैनर और फोटो कॉपी मशीन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

न्याय पंचायत और वार्ड स्तर तक लगाए जाएंगे विशेष कैंप

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि पहाड़ी क्षेत्रों में दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर आधारित विशेष कैंप आयोजित किए जाएं और इसके लिए पहले से रोस्टर तैयार किया जाए। वहीं मैदानी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तहसील के साथ-साथ नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी विशेष कैंप लगाए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुविधा मिल सके।

दस्तावेज सत्यापन के लिए विभागों से नोडल अधिकारी होंगे तैनात

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ERO और AERO की सहायता के लिए दस्तावेजों के सत्यापन हेतु शिक्षा, राजस्व, तहसील और अन्य संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 70 ERO और लगभग 800 AERO तैनात किए गए हैं। जिन जिलों में सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है, वहां से प्रस्ताव शनिवार तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

14 जुलाई से मंडलायुक्त करेंगे जिलों का स्थलीय निरीक्षण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के मंडलायुक्त 14 जुलाई से विभिन्न जनपदों का दौरा कर SIR अभियान की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और ERO को यह भी निर्देश दिया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले जिला और विधानसभा स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की जाए तथा उन्हें समय पर ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान कुमाऊं मंडल के आयुक्त श्री दीपक रावत, गढ़वाल मंडल के आयुक्त श्री आनंद स्वरूप, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

उत्तराखंड में CSR के जरिए विकास की नई शुरुआत, CM पुष्कर सिंह धामी ने की बड़ी अपील
Uttarakhand News: टिहरी झील बनेगी ग्लोबल डेस्टिनेशन, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए बड़े निर्देश