
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami: हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचे। यहां उन्होंने सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण के साथ हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील भी की।
पौधरोपण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने 'श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय' का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, विभिन्न अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय पौधे और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अनमोल धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि इनका संरक्षण और वैज्ञानिक शोध समय की बड़ी आवश्यकता है। उनके अनुसार इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती देंगे और औषधीय पौधों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हर्बल अनुसंधान, आयुर्वेद आधारित नवाचार और हर्बल पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और उत्तराखंड की पहचान औषधीय पौधों के क्षेत्र में और मजबूत होगी।
मालाग्राम स्थित 'श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय' देश का अपनी तरह का एक विशेष हर्बल पार्क है। यहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों तथा औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक वैज्ञानिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण संस्थान बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।