Uttarakhand News: CM पुष्कर सिंह धामी का बड़ा संदेश, UCC से चारधाम तक गिनाईं उपलब्धियां

Published : Jun 25, 2026, 01:06 PM IST
pushkar singh dhami amar ujala samvad 2026

सार

अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा, UCC, रोजगार, अतिक्रमण कार्रवाई और विकास योजनाओं पर सरकार का दृष्टिकोण रखा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अभिनेता श्री राकेश बेदी को अमर उजाला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। साथ ही अमर उजाला उत्तराखंड अचीवर्स विशेषांक का भी विमोचन किया।

विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार राज्य की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट (GEP) के आकलन की व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन स्थापित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार इकोलॉजी, इकोनॉमी और टेक्नोलॉजी के बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर रही है। राज्य की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को लागू किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर उत्तराखंड को आगे बढ़ाना है।

चारधाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल पर्यटन नहीं बल्कि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में व्यापक पुनर्निर्माण और विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑल वेदर रोड परियोजना से यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हुई है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। यात्रा समाप्त होते ही अगले वर्ष की तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, 19 अप्रैल से शुरू हुई इस वर्ष की चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, आदि कैलाश यात्रा में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पहले जहां केवल 400 से 500 श्रद्धालु पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर लगभग 45 हजार तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि अब शीतकालीन यात्रा के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं।

अतिक्रमण पर सख्ती, देवभूमि का मूल स्वरूप बनाए रखने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का संकल्प उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को सुरक्षित रखना है। देवभूमि की आस्था और परंपराओं के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित और व्यवस्थित उत्तराखंड देना हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्रवाई राजस्व अभिलेखों के आधार पर की जाती है और आगे भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।

समान नागरिक संहिता (UCC) को बताया ऐतिहासिक कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से UCC लागू करने का वादा किया गया था और सरकार ने अपना संकल्प पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में UCC लागू होने के बाद अन्य राज्यों में भी इस दिशा में पहल की जा रही है।

रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य के 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा मजबूत हुआ है। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक संबंध है। उत्तराखंड उनके हृदय में बसता है और इसी कारण राज्य के विकास को लेकर उनका विशेष ध्यान रहता है।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, श्रीमती रेखा आर्या, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, अमर उजाला के प्रबंध निदेशक श्री तन्मय माहेश्वरी, समूह अध्यक्ष वरुण माहेश्वरी, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, प्रधान संपादक डॉ. इंदुशेखर पंचोली, स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Uttarakhand News: धामी सरकार की CM कौशल उन्नयन योजना से युवती को मिली जर्मनी में बड़ी नौकरी
Uttarakhand News: लंबित मामलों के समाधान के लिए पुष्कर सिंह धामी सरकार का बड़ा अभियान शुरू