
Most Expensive Games: आज के समय में वीडियो गेम बनाना पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो गया है। शानदार ग्राफिक्स, बड़े ओपन वर्ल्ड, AI टेक्नोलॉजी, लाइव अपडेट्स और लंबे समय तक मिलने वाले नए कंटेंट की वजह से गेम डेवलपमेंट का खर्च लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि अब कई गेम्स का बजट बड़ी हॉलीवुड फिल्म से भी कई गुना ज्यादा हो चुका है। अगर आप गेमिंग के शौकीन हैं, तो यह जानकर हैरानी होगी कि कुछ गेम्स पर हजारों करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। आइए जानते हैं दुनिया के 5 सबसे महंगे वीडियो गेम्स की लिस्ट...
अगर किसी गेम को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है, तो वह GTA 6 है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गेम का कुल बजट करीब 2 अरब डॉलर (करीब ₹19,106 करोड़) बताया जा रहा है। इस भारी बजट के पीछे कई वजहें हैं। गेम का बड़ा ओपन वर्ल्ड, बेहतर AI सिस्टम, कई सालों से चल रही डेवलपमेंट, ग्लोबल मार्केटिंग और लॉन्च के बाद लंबे समय तक मिलने वाला सपोर्ट इसकी लागत को काफी बढ़ा देता है। हालांकि Rockstar Games ने अभी तक इस बजट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मोबाइल गेमिंग की दुनिया में Monopoly GO! ने बड़ी सफलता हासिल की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गेम पर करीब 1 अरब डॉलर (करीब ₹9,553 करोड़) खर्च किए गए। इसका बड़ा हिस्सा विज्ञापन, नए सीजन अपडेट, खिलाड़ियों को जोड़ने वाले कैंपेन और लंबे समय तक गेम को एक्टिव रखने वाले फीचर्स पर लगाया गया।
ओपन-वर्ल्ड RPG गेम Genshin Impact भी दुनिया के सबसे महंगे गेम्स में शामिल है। इसका अनुमानित बजट 90 करोड़ डॉलर (करीब ₹8,597 करोड़) बताया जाता है। गेम में लगातार नए मैप, नए कैरेक्टर, वॉइस एक्टिंग, बड़े अपडेट और इंटरनेशनल मार्केटिंग की वजह से इसकी लागत लगातार बढ़ती रही है।
स्पेस सिमुलेशन गेम Star Citizen का नाम भी इस लिस्ट में आता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गेम की डेवलपमेंट और फंडिंग मिलाकर खर्च 90 करोड़ डॉलर (लगभग ₹8,597 करोड़) तक पहुंच चुका है। इस गेम में समय-समय पर नए फीचर्स, स्पेसशिप सिस्टम और मल्टीप्लेयर अपडेट जोड़े जाते रहे हैं, जिससे इसका बजट लगातार बढ़ा।
पॉपुलर Call of Duty सीरीज का Black Ops Cold War भी बेहद महंगे गेम्स में गिना जाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पर करीब 70 करोड़ डॉलर (करीब ₹6,687 करोड़) खर्च हुए। गेम की डेवलपमेंट के अलावा बड़े मार्केटिंग कैंपेन, मल्टीप्लेयर सपोर्ट, लाइव सर्विस और लॉन्च के बाद मिलने वाले अपडेट्स ने इसकी कुल लागत को काफी बढ़ा दिया।
आज का गेम सिर्फ एक बार बनाकर लॉन्च नहीं किया जाता है। बड़ी गेम कंपनियां सालों तक नए अपडेट, इवेंट, ऑनलाइन सर्वर, सिक्योरिटी, नए मिशन और खिलाड़ियों के लिए ताजा कंटेंट देती रहती हैं। इसके अलावा हाई-एंड ग्राफिक्स, AI टेक्नोलॉजी और ग्लोबल मार्केटिंग भी बजट को कई गुना बढ़ा देते हैं। यही वजह है कि अब बड़े गेम्स का बजट हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
हॉलीवुड फिल्म Spider-Man: Brand New Day, 31 जुलाई 2026 को रिलीज हो रही है। अलग-अलग रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म करीब 1900 करोड़ रुपए (करीब 228 मिलियन डॉलर) के भारी-भरकम बजट से बनाई गई है, जो इसे जुलाई 2026 की सबसे बड़ी हॉलीवुड रिलीज बनाती है। हालांकि, यह सिर्फ अनुमान है,स्टूडियो (Sony/Marvel) ने आधिकारिक तौर पर कंफर्म नहीं किया है।
नोट: इस आर्टिकल की मूल जानकारी www.mensxp.com में पब्लिश रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गई है। कई गेम कंपनियों ने इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।