
कैलिफोर्निया: iPhone 17 सीरीज के बाद, टेक दिग्गज Apple अब अपनी अगली पीढ़ी, यानी iPhone 18 सीरीज के स्मार्टफोन्स लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। उम्मीद है कि Apple, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max मॉडल्स को सितंबर 2026 में ग्लोबल मार्केट में पेश कर सकता है। हालांकि Apple ने अभी तक आधिकारिक तौर पर फीचर्स की पुष्टि नहीं की है, लेकिन कई अंदरूनी रिपोर्ट्स और लीक्स से इन नए प्रो मॉडल्स के बारे में कुछ संकेत मिले हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के डिस्प्ले साइज में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। iPhone 18 Pro में 6.3 इंच की स्क्रीन और Pro Max में 6.9 इंच का पैनल बना रह सकता है। हालांकि, फ्रंट डिजाइन में ज्यादा ब्राइटनेस की उम्मीद की जा रही है। अभी यह साफ नहीं है कि डायनामिक आइलैंड को पूरी तरह से हटा दिया जाएगा या उसे और छोटा किया जाएगा। फिर भी, माना जा रहा है कि नई आईफोन सीरीज का लुक पिछले मॉडल्स की तुलना में ज्यादा क्लीन होगा।
प्रोसेसर की बात करें तो, iPhone 18 Pro मॉडल्स में Apple नया A20 प्रो चिपसेट पेश कर सकता है। यह TSMC की 2-नैनोमीटर मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी पर आधारित होगा। इस चिप को एक नए तरीके से डिजाइन किया जा रहा है, जिसमें रैम, सीपीयू, जीपीयू और न्यूरल इंजन एक ही वेफर पर होंगे। इससे स्पीड, पावर एफिशिएंसी और हीट मैनेजमेंट में काफी सुधार होने का अनुमान है। शुरुआती आंकड़ों से पता चलता है कि इन फोन्स की परफॉर्मेंस पिछली पीढ़ी की तुलना में 15% तक बढ़ सकती है और ये 30% तक बिजली की बचत कर सकते हैं।
एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Apple नई आईफोन सीरीज की बैटरी पर खास ध्यान दे रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone Pro Max मॉडल में ज्यादा कैपेसिटी वाली बड़ी बैटरी मिल सकती है, जो 5,100mAh से 5,200mAh के बीच हो सकती है। उम्मीद है कि बेहतर चिपसेट और बड़ी बैटरी मिलकर लंबी बैटरी लाइफ और बेहतर ऑन-डिवाइस AI परफॉर्मेंस देंगे।
फिलहाल, नई आईफोन सीरीज की कीमत के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि भारत में मौजूदा iPhone 17 Pro मॉडल्स की ऊंची कीमतों को देखते हुए, Apple शायद iPhone 18 Pro मॉडल्स की कीमतों में बहुत बड़ी बढ़ोतरी नहीं करेगा।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।