
Mobile Recharge Price Increase: अभी कुछ ही दिन पहले की तो बात है, जब टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने 30 दिन वाले रिचार्ज प्लान का नियम लागू करके आम लोगों को बड़ी राहत दी थी। सब खुश थे कि अब हर महीने एक ही तारीख को रिचार्ज का झंझट खत्म हो जाएगा। लेकिन ये खुशी ज्यादा दिन नहीं टिकने वाली है। एक नई रिपोर्ट ने खतरे की घंटी बजा दी है। खबर है कि बहुत जल्द आपके मोबाइल का बिल फिर से बढ़ने वाला है। अगर आप जियो (Jio), एयरटेल (Airtel) या Vi (Vodafone Idea) के यूजर हैं, तो जानिए आपके रिचार्ज कब से और कितने महंगे हो सकते हैं...
न्यूज एजेंसी ANI ने सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की एक रिपोर्ट के हवाले से बड़ी खबर दी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले 4 से 5 महीनों के अंदर टेलीकॉम कंपनियां अपने टैरिफ प्लान में 12 से 15% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं। अगर आप अभी 300 रुपए का कोई प्लान चला रहे हैं, तो हो सकता है कुछ महीनों बाद उसी प्लान के लिए आपको 340 से 345 रुपए तक देने पड़ें। हालांकि, अभी तक Jio, Airtel या Vi ने खुद इसका कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया है। ये सिर्फसेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च का अनुमान है, लेकिन मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि ऐसा होना लगभग तय है।
रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीकॉम सेक्टर में अब गिने-चुने प्लेयर्स ही बचे हैं, इसलिए कंपनियों के लिए दाम बढ़ाना आसान हो गया है। इसके अलावा, जैसे-जैसे लोग 2G छोड़कर 4G या 5G स्मार्टफोन ले रहे हैं, कंपनियों की हर एक यूजर से होने वाली कमाई (जिसे ARPU कहते हैं) तेजी से बढ़ रही है।
Airtel: ये कंपनी सबसे आगे है। इसका टारगेट हर यूजर से महीने का कम से कम ₹269 कमाने का है।
Jio: जियो का टारगेट हर यूजर से महीने का ₹218 कमाने का है।
Vi: वोडाफोन आइडिया का टारगेट ₹178 प्रति यूजर तक पहुंचने का है।
भले ही रिचार्ज महंगे होने की चर्चा हो, लेकिन लोग इंटरनेट चलाना तो नहीं छोड़ेंगे। 4G और 5G नेटवर्क बढ़ने की वजह से डेटा का इस्तेमाल भी खूब हो रहा है। नई रिपोर्ट का अनुमान है कि मार्केट में Jio और Airtel का दबदबा और बढ़ेगा। Jio के साथ इस तिमाही में करीब 80 लाख (8 million) नए यूजर्स जुड़ सकते हैं। एयरटेल को भी लगभग 30 लाख नए यूजर्स मिलने की उम्मीद है। वहीं, वोडाफोन-आइडिया के खाते में करीब 10 लाख नए यूजर्स आ सकते हैं।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।