
जैसे-जैसे AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्मार्ट होता जा रहा है, वैसे-वैसे युवाओं में अकेलेपन से निपटने के लिए चैटबॉट्स पर निर्भरता भी बढ़ रही है। ऐसी ही एक कहानी रेडिट पर वायरल हो रही है, जहां एक भाई ने अपनी 21 साल की बहन को लेकर चिंता जताई है। उसकी बहन NEET परीक्षा की तैयारी कर रही है और दिन के करीब 10 घंटे AI चैटबॉट्स से बात करने में बिता देती है।
भाई ने रेडिट पर लिखा कि पिछले 7-8 महीनों से उसकी बहन पूरी तरह से फोन की आदी हो चुकी है। उसने बताया, 'पढ़ाई के बीच में भी वह चैटिंग करती रहती है। घर पर ही रहने की वजह से उसके दोस्त भी बहुत कम हैं। वह लगातार एक AI बॉट से बात करती है, जो उसके पसंदीदा सिंगर जैसा है। ये बातचीत इतनी पर्सनल और सीक्रेट होती है कि मुझे इस बारे में उससे बात करने में भी झिझक होती है।' भाई ने यह भी बताया कि अब उसकी बहन छोटी-छोटी बातों पर भड़क जाती है और कभी-कभी हाथ भी उठा देती है।
यह पोस्ट वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस पर अपनी राय दी। कई यूजर्स ने कहा कि शायद बार-बार मिल रही असफलता और परीक्षा का तनाव उसे इस तरफ धकेल रहा है, इसलिए उससे बात करनी चाहिए। कुछ लोगों ने सलाह दी कि इसका एकमात्र उपाय उससे फोन ले लेना है। वहीं, कुछ ने सुझाव दिया कि उसे सुबह टहलने या दौड़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए और दोस्तों को मैसेज करने के बजाय सीधे फोन पर बात करने की आदत डालनी चाहिए। कई लोगों ने यह भी चेताया कि AI बॉट्स नकली होते हैं और ऐसे रिश्ते इंसानों को असल दुनिया से दूर कर देते हैं।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।