
QR Code Safety Tips: आजकल पेट्रोल पंप से लेकर मॉल, पार्किंग, चाय की दुकान और सब्जी वाले तक हर जगह क्यूआर कोड से पेमेंट हो रहा है। फोन निकाला, कोड स्कैन किया और कुछ ही सेंकेंड्स में पैसे भेज दिए, लेकिन यही जल्दबाजी कई बार भारी पड़ सकती है। साइबर ठगी के कई मामलों में देखा गया है कि लोग क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले यह भी नहीं देखते कि कोड असली है या नहीं। अगर सिर्फ 5-7 सेकेंड रुककर कुछ जरूरी चीजें चेक कर ली जाएं, तो कई तरह की परेशानियों से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं कि क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले कौन सी 5 चीजें जरूर देखनी चाहिए...
कई दुकानों और पब्लिक प्लेस पर क्यूआर कोड के ऊपर दूसरा स्टिकर चिपकाकर धोखाधड़ी की कोशिश की जाती है। अगर क्यूआर कोड टेढ़ा-मेढ़ा लगा हो, ऊपर से नया स्टिकर चिपका दिखे या कोड के आसपास छेड़छाड़ नजर आए, तो तुरंत अलर्ट हो जाएं। ऐसे मामलों में सीधे दुकानदार से कंफर्म करना बेहतर रहता है।
क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद मोबाइल स्क्रीन पर जिस व्यक्ति या दुकान का नाम दिख रहा है, उसे एक बार जरूर पढ़ें। अगर नाम अलग दिख रहा है या समझ में नहीं आ रहा है, तो पेमेंट करने से पहले दोबारा चेक करें। कई लोग यहीं गलती कर देते हैं और पैसे गलत अकाउंट में भेज देते हैं।
भीड़ या जल्दी के चक्कर में लोग पेमेंट कितना करना है, उसका अमाउंट गलत टाइप कर देते हैं। ₹250 की जगह ₹2500 या ₹500 की जगह ₹5000 भेजने जैसी गलतियां अक्सर हो जाती हैं। इसलिए पेमेंट बटन दबाने से पहले एक बार अमाउंट ध्यान से जरूर चेक कर लें।
सिर्फ इसलिए कि कोई क्यूआर कोड दिखाई दे रहा है, इसका मतलब यह नहीं कि वह पूरी तरह सेफ ही होगा। अगर कोई अनजान व्यक्ति वॉट्सऐप, SMS, टेलीग्राम या सोशल मीडिया पर QR Code भेजकर स्कैन करने को कहे, तो हमेशा सावधान रहें। अनजान क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले उसकी जरूरत और सोर्स को समझना जरूरी है।
'स्कैन करो और ₹500 पाओ', 'स्कैन करो और गिफ्ट जीतो'...ऐसे लालच वाले मैसेजेस कई बार लोगों को फंसाने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। अगर ऑफर बहुत अच्छा लग रहा है, तो पहले उसकी सच्चाई चेक कर लें।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सामान्य जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा संबंधी जानकारी के लिए है। किसी भी पेमेंट से पहले संबंधित जानकारी को खुद कंफर्म करें। ऑनलाइन लेनदेन करते समय अपने बैंक और भुगतान सेवा प्रदाता द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।